Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

सिरसा: जिले में नशे की डिमांड खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता

पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते एसपी दीपक सहारण।

सिरसा, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने पुलिस कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी थाना या पुलिस चौकी के इलाके में नशा बिकेगा या उसके इलाके में किसी भी प्रकार की आपराधिक वारदात हुई तो थाना प्रभारी के साथ संबंधित बीट इंचार्ज भी नपेगा। उन्होंने कहा कि जिले में नशे की डिमांड को खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता है।

एसपी ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों तथा अन्य गैर कानूनी धंधा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आमजन का सहयोग लेकर नशा तस्करों को जड़ मूल से खत्म करने का संकल्प लें। एसपी दीपक सहारण गुरुवार को सिरसा में पुलिस अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बैठक में मौजूद थाना प्रभारियों से कहा कि विभिन्न आपराधिक वारदातों में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में भी उनके खिलाफ बेहतर ढंग से पैरवी करें ताकि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी सूरत में सजा से न बच पाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संपति विरुद्ध अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर अनसुलझे मामलों को शीघ्र निपटाएं तथा विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न मामलों में वांछित भगौड़ों की धरपकड़ तेज करें तथा आदतन अपराधियों की हिस्ट्री शीट खोलें तथा समय समय पर चैक कर उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखें ताकि वे भविष्य में किसी अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम न दे पाए।

एसपी ने थाना प्रभारी, जांच अधिकारियों तथा अन्य पुलिस कर्मचारियों से कहा कि पीएम विंडो,सीएम विंडो व हरसमय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निश्चित समय अवधि में निपटारा कर सही समय पर जबाव भेजे तथा थाना में आए फरियादियों की गंभीरता से फरियाद सुन कर शीघ्र अति शीघ्र न्याय दिलवाएं ताकि पीडित व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित समझें। उन्होंने कहा कि जिला सिरसा की सीमाओं के साथ राजस्थान व पंजाब राज्य की सीमाएं लगती है इसलिए बोर्डर एरिया पर स्थापित किए गए नियमित नाकों के अलावा अन्य मार्गो पर भी औचक नाकाबंदी कर आने जाने वाले लोगों तथा वाहनों की बारीकी से चेकिंग करें तथा संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखें।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *