Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

फरीदाबाद : प्रापर्टी डीलर आत्महत्या मामले में नहीं हुआ शव का पोस्टमार्टम

वह कार जिस पर राजकुमार चौधरी गिरे थे, इनसेट में उनका फाइल फोटो

परिजन अड़े आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर, पुलिस ने कई टीमें की गठित

फरीदाबाद, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रापर्टी डीलर राजकुमार चौधरी द्वारा 14वीं मंजिल से कूदकर की गई आत्महत्या मामले में दो दिन बीतने के बावजूद मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। परिजन इस बात पर अड़े है कि नामजद आरोपियों को पहले पुलिस गिरफ्तार करे, उसके बाद वह शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसका संस्कार करेंगे। इसको लेकर परिजनों ने रविवार को सेक्टर-58 थाने के समक्ष धरना भी दिया था, जहां एसीपी ने पहुंचकर लोगों को समझाया लेकिन वह नहीं माने। हालांकि मृतक राजकुमार के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। परिजनों का कहना है जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा। राजकुमार के बेटे आदित्य ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिता ने बिजनेस पार्टनर संजय शर्मा और दूसरे लोगों के खिलाफ काफी समय पहले ही पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा पुलिस उनके पिता को ही बार-बार थाने बुलाकर परेशान करती थी। अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो पिता आज जिंदा होते। सुसाइड नोट में पार्टनर व अन्य लोगों पर 8 करोड़ रुपए का हिसाब न करने और पाई-पाई को मोहताज होने की बात लिखी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही खुलासा हो पाएगा कि यह सुसाइड था, या राजकुमार के साथ कुछ और तो नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि बल्लभगढ़ के चावला कॉलोनी के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौधरी ने शनिवार सुबह 10 बजे गांव सीकरी स्थित अद्वितिय सोसाइटी में 14 मंजिल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। राजकुमार 2 दिनों से अपने दोस्त दिनेश के साथ उसके फ्लैट पर रह रहा था। एफआईआर में दिनेश का भी जिक्र है। जांच के दौरान पुलिस को राजकुमार की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था। जिसमें बिजनेस पार्टनर संजय शर्मा समेत कई अन्य लोगों पर 8 करोड़ रुपए हड़पने का आरोप लगाया था। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे आदित्य चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार के पार्टनर संजय शर्मा, अमरजीत चावला, कार्तिक शर्मा, कुनाल शर्मा, नेत्रपाल चौहान, विनीत और पुनीत,जमील मलिक, सबीर खान, रहीस खान, दिनेश सरपंच के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी लोगों को नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने के लिए कहा जाएगा। पुलिस की 5 टीमें इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर काम कर रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अभी प्राथमिक नजर में मंजिल से कूदकर हुई मौत को लेकर पुलिस जांच कर रही है। मृतक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मृतक के साथ कोई दूसरी घटना तो नहीं हुई थी। जब तक पोस्टमॉर्टम नहीं होता तब तक पुलिस इसमें गहराई से कुछ नहीं बता सकती है।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *