Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

वर्ल्ड स्कूल वॉलीबाल में चमके प्रयागराज के अब्दुल्ला और आदेश

आदेश एवं अब्दुल्ला

–चीन में आयोजित आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबाल चैम्पियनशिप में भारतीय बालक टीम ने जीता कांस्य पदक

प्रयागराज, 14 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । चीन के शांगलुको में आयोजित आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबाल चैंम्पियनशिप में भारत के बालकों की वॉलीबाल टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। वहीं भारतीय बालिका टीम ने सातवां स्थान प्राप्त किया है।

उक्त जानकारी देते हुए डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन (डीवीए), प्रयागराज के महासचिव आर.पी.शुक्ला ने रविवार को बताया कि 1972 के बाद पहली बार स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने वॉलीबाल खेल में बालक व बालिका दोनों टीमों को “वर्ल्ड स्कूल वॉलीबाल चैम्पियनशिप“ में भेजा है। जिसमें दोंनो वर्ग की टीमों ने देश का नाम गौरवान्वित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

श्री शुक्ल ने बताया कि भारतीय स्कूल बालक टीम में प्रयागराज जनपद के दो खिलाड़ी अब्दुल्ला और आदेश सिंह ने प्रतिभाग किया था। मंडौर, फूलपुर निवासी अब्दुल्ला के पिता मो.राजू मजदूरी करते हैं और वर्तमान समय में अब्दुल्ला भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) रायपुर, छत्तीसगढ़ के स्पोर्ट्स हॉस्टल में रहकर अभ्यास करते हैं। वहीं आदेश सिंह मूल रूप से अयोध्या, गोसाईगंज जनपद का निवासी है और इनके पिता नरेंद्र सिंह पुलिस विभाग में एसआई के पद पर कार्यरत हैं तथा आदेश सिंह वर्तमान समय में म्योहॉल स्पोर्ट्स हॉस्टल में वॉलीबाल प्रशिक्षु है। वहीं प्रयागराज के दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्राजील को हराकर कांस्य पदक जीता है जो देश के लिए गर्व की बात है।

प्रयागराज के दोंनो खिलाड़ियों का भारतीय वर्ल्ड स्कूल वॉलीबाल चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी जॉर्डन.एच.नाथ, प्रभात राय, आर.पी.शुक्ला, केबीएल श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, अल्ताफ अली, बी.एच.जैदी, हसीब अहमद, मो.यूनुस, राजितराम शुक्ला, बर्फी लाल यादव, सतेंद्र पांडेय, हरिकेश विश्वकर्मा, धनंजय राय, मुकेश शुक्ला व योगेश शर्मा आदि प्रयागराज के खिलाड़ियों ने बधाई के साथ अपनी शुभकामनाएं देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *