काली पूजा पर कोलकाता में लाल गुड़हल के दाम आसमान छूए, कीमतों में पांच गुना उछाल

कोलकाता, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । काली पूजा और दीपावली के संयोग पर कोलकाता के फूल बाजारों में लाल गुड़हल के दामों में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। देवी काली की पूजा में अनिवार्य माने जाने वाले लाल गुड़हल के फूलों की कीमतें सोमवार को खुदरा बाजारों में लगभग पांच गुना तक बढ़ गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, 108 पुष्पों की एक माला बाजार में 150 से 200 रुपये के बीच बिक रही है। वहीं, पिछले सप्ताह तक यही माला 25 से 30 रुपये में मिल रही थी। काली पूजा या अन्य विशेष अवसरों पर प्रयुक्त 1,008 पुष्पों की माला इस बार भक्तों की जेब पर भारी पड़ रही है। इस माला की कीमत अब 600 से 700 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि पिछले वर्ष इसकी अधिकतम कीमत 350 रुपये थी। अधिकांश खुदरा बाजारों में विक्रेताओं ने सोमवार को गुड़हल फूलों की एकल बिक्री बंद कर दी।
दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट बाजार के एक फूल विक्रेता ने बताया कि अलग-अलग फूल बेचने पर नुकसान होता है, जबकि माला बेचने में फूलों की कीमत के साथ-साथ उसे गूंथने का मेहनताना भी शामिल होता है।
कस्बा बाजार के एक अन्य विक्रेता ने कहा कि हर साल काली पूजा पर गुड़हल के दाम बढ़ते हैं, लेकिन इस साल दाम पिछले वर्षों से अधिक हैं। सीजन से पहले हुई भारी बारिश के कारण बड़ी मात्रा में फूलों की फसल नष्ट हो गई, जिससे आपूर्ति कम और कीमतें ज्यादा हो गईं।
सिर्फ लाल गुड़हल ही नहीं, बल्कि पूजा-पाठ में उपयोग होने वाले अन्य फूलों की कीमतें भी सोमवार को काफी ऊंची रहीं। केसरिया गेंदा 180 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम, पीला गेंदा 210 से 220 रुपये प्रति किलोग्राम और कमल का एक फूल 20 से 25 रुपये में बिक रहा है।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर



