Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
WORLD

प्रधानमंत्री मोदी और शाह अब्दुल्ला द्वितीय आज अम्मान में भारत-जॉर्डन व्यापार सम्मेलन को करेंगे संबोधित

जॉर्डन में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्विपक्षीय प्रतिनिधिमंडल बैठक में। फोटो स्रोत - प्रधानमंत्री मोदी का आधिकारिक एक्स हैंडल

अम्मान, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन आज यहां भारत-जॉर्डन व्यापार सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में दोनों देशों के प्रमुख व्यवसायी शामिल होंगे। अगर मौसम ठीक रहा तो प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन के युवराज के साथ पेत्रा शहर का दौरा भी करेंगे। पेत्रा भारत के साथ प्राचीन व्यापारिक संबंधों को साझा करने वाला ऐतिहासिक शहर है। अब्दुल्ला द्वितीय के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर कल जॉर्डन पहुंचे। शाह ने मोदी का हुसैनीया पैलेस में जोरदार स्वागत किया। यहां प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत से पहले दोनों के बीच आमने-सामने की बैठक हुई।

दिल्ली अम्मान का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। भारत और जॉर्डन के बीच मजबूत आर्थिक संबंध हैं और दोनों के बीच 2.8 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार है। जॉर्डन भारत को उर्वरकों, विशेष रूप से फॉस्फेट और पोटाश का एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता भी है। जॉर्डन में 17,500 से अधिक भारतीय प्रवासी रहते हैं। इनमें से अधिकतर कपड़ा, निर्माण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के तीन देशों की चार दिवसीय यात्रा का पहला पड़ाव जॉर्डन है। यहां का दौरा पूरा कर वह इथियोपिया और ओमान भी जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ” अम्मान में शाह अब्दुल्ला द्वितीय के साथ उपयोगी बातचीत हुई। जीवंत भारत-जॉर्डन संबंधों के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता सराहनीय है। इस साल, हम अपने द्विपक्षीय राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। यह मील का पत्थर हमें आने वाले समय में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा।”

उन्होंने कहा, ”जॉर्डन के साथ संबंधों को और गहरा करने के लिए आठ सूत्री दृष्टि पत्र साझा किया है। इसमें शामिल हैं-(1) व्यापार और आर्थिक सहयोग, (2)उर्वरक और कृषि, (3) सूचना प्रौद्योगिकी, (4) स्वास्थ्य सेवा, (5) बुनियादी ढांचा,( 6) महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज, (7) नागरिक परमाणु सहयोग (8) लोगों के बीच संबंध। ” इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्डन के शाह ने मुलाकात करने के दौरान द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की तथा पारस्परिक महत्व के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने शाह अब्दुल्ला द्वितीय से कहा, ‘‘हम व्यापार, उर्वरक, डिजिटल प्रौद्योगिकी, अवसंरचना और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में अपना सहयोग जारी रखेंगे।’’ मोदी ने कहा कि दोनों देशों की आतंकवाद के खिलाफ साझा और स्पष्ट सोच है। प्रधानमंत्री ने गाजा मुद्दे पर शाह अब्दुल्ला द्वितीय की सक्रिय और सकारात्मक भूमिका की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ‘‘आपने भारत-जॉर्डन संबंधों को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए बेहद सकारात्मक विचार साझा किए। मैं आपकी मित्रता और भारत के प्रत गहरी प्रतिबद्धता के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं।’’

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *