Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
BUSINESS

प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी सुधार को बताया ‘बचत उत्सव’, बोले– हर परिवार की बढ़ेगी खुशियां, भारतीयों के बचेंगे 2.5 लाख करोड़ रुपये

PM Modi

नई दिल्ली, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम राष्ट्र के नाम संबोधन में जीएसटी की नई दरों को ‘बचत उत्सव’ करार दिया। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से लागू होने वाले इन सुधारों से देशवासियों के करीब ढाई लाख करोड़ रुपये की बचत होगी। साथ ही स्वदेशी मैन्युफैक्चरिंग को गति मिलेगी और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिलेगी।

नवरात्रि से जीएसटी सुधारों की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने शारदीय नवरात्रि की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नवरात्रि का यह शुभ अवसर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि अब जीएसटी सुधारों से रोजमर्रा की अधिकांश वस्तुएं सस्ती होंगी और लोगों की खरीद क्षमता बढ़ेगी।

5% और 18% टैक्स स्लैब से मिलेगा फायदा
मोदी ने बताया कि अब केवल 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत टैक्स स्लैब रहेंगे। खाने-पीने का सामान, दवाइयाँ, साबुन, ब्रश, बीमा जैसी सेवाएं या तो टैक्स-फ्री होंगी या केवल 5 प्रतिशत टैक्स लगेगा। पहले 12 प्रतिशत टैक्स वाली अधिकतर वस्तुएं अब 5 प्रतिशत श्रेणी में आ गई हैं।

स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में स्वदेशी ने बड़ी भूमिका निभाई थी और अब भारत की समृद्धि भी स्वदेशी के मंत्र से ही संभव होगी। उन्होंने छोटे, मझोले और लघु उद्योगों (एमएसएमई) को भारत की रीढ़ बताते हुए कहा कि इन्हीं से देश की गुणवत्ता और पहचान बनी है। अब हर भारतीय को ‘मैं स्वदेशी खरीदता हूं, मैं स्वदेशी बेचता हूं’ का संकल्प लेना चाहिए।

व्यापार और निवेश को मिलेगी गति
मोदी ने कहा कि सुधार एक सतत प्रक्रिया है। जीएसटी सुधार भारत की विकास यात्रा को गति देंगे, कारोबार को आसान बनाएंगे और निवेश आकर्षित करेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि पहले ऑक्ट्रॉय, एंट्री टैक्स, वैट, सर्विस टैक्स जैसे दर्जनों करों का बोझ था, जिसे हटाकर ‘एक राष्ट्र-एक टैक्स’ लागू किया गया।

गरीब और मध्यम वर्ग को सबसे बड़ा लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। अब जीएसटी में राहत से गरीब और नव मध्यम वर्ग को दोहरा लाभ मिलेगा। घर बनाना, टीवी-फ्रिज खरीदना, स्कूटर-बाइक-कार लेना और यहां तक कि घूमना-फिरना भी सस्ता हो जाएगा।

हर भारतीय को स्वदेशी का संदेश
मोदी ने कहा कि हर घर स्वदेशी का प्रतीक और हर दुकान स्वदेशी से सजी होनी चाहिए। उन्होंने सभी को नवरात्रि और जीएसटी बचत उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सुधार हर परिवार की खुशियां बढ़ाने वाला है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *