Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

मेवात में विश्वविद्यालय के लिए जमीन का चयन करने की प्रक्रिया शुरू

सुनील जागलान।

नूंह, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला में एक पूर्ण विश्वविद्यालय की स्थापना होने जा रही है। इसके लिए जमीन का चयन करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के निर्माण को लेकर तमाम औपचारिकताओं के बाद यहां विश्वविद्यालय की नींव रखी जाएगी।

मेवात विश्वविद्यालय अभियान के फाउंडर प्रोफेसर सुनील जागलान एवं उनकी सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन की टीम को विशेष रूप से श्रेय दिया जा रहा है। उन्होंने मेवात के लगभग 60 गांवों में स्कूलों को सीनियर सेकेंडरी स्तर तक उन्नत करने से लेकर उच्च शिक्षा की मांग को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी अगुवाई में सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन ने देशभर से 10,000 से अधिक पोस्टकार्ड और पंचायत प्रस्तावों के माध्यम से मेवात विश्वविद्यालय की मांग को शक्तिशाली आवाज दी। सुनील जागलान पिछले 15 वर्षों से महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं। वर्ष 2016 में राष्ट्रपति भवन द्वारा गोद लिए गए गांवों के समन्वयक के रूप में मेवात पहुंचने के बाद उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू किया।

टीम की सदस्य शहनाज ने कहा कि सुनील जागलान ने इस मुद्दे को केवल राजनीतिक नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे संवैधानिक और प्रशासनिक प्रक्रिया में बदलने का मार्ग प्रशस्त किया।

प्रोफेसर जागलान ने कहा, यह केवल शुरुआत है। भूमि चयन के बाद हमारा अगला लक्ष्य है कि विश्वविद्यालय में अधिक से अधिक स्थानीय छात्र-छात्राओं, विशेषकर लड़कियों की भागीदारी सुनिश्चित हो। हमारा प्रयास है कि मेवात में जीरो ड्रॉपआउट हो और हर बच्ची की शिक्षा पूरी हो। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी सेंकड़ों लड़कियों के परिवारों को मनाकर उनके एडमिशन करवाए हैं, ताकि उनकी पढ़ाई अधूरी न रहे। अभियान के अगले चरण में देशभर से 10,000 से अधिक लड़कियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को थैंक्यू प्राइम मिनिस्टर पोस्टकार्ड भेजेंगी। जागलान ने कहा कि हमने मांग के लिए जितने पोस्टकार्ड भेजे थे, उससे कहीं अधिक शुक्रिया पत्र प्रधानमंत्री जी को भेजना हमारा लक्ष्य है। यह उपलब्धि मेवात के युवाओं, विशेषकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *