
शिमला, 10 दिसंबर (Udaipur Kiran) . घातक सड़क हादसे के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने कई साल बाद गिरफ्तार कर लिया है. छोटा शिमला थाना में अदालत के आदेश पर धारा 209 बीएनएस के तहत नया मामला दर्ज किया गया है. मामला वर्ष 2014 का है, जब आरोपी पवन कुमार पर धारा 279, 337, 338 और 304ए आईपीसी के तहत लापरवाही से वाहन चलाने, घायल करने और मौत का कारण बनने के आरोप लगाए गए थे.
पुलिस के अनुसार पवन कुमार को अदालत ने 22 जुलाई 2019 को फरार घोषित कर दिया था क्योंकि वह लगातार पेशियों से अनुपस्थित था और नोटिसों का जवाब नहीं दे रहा था. इसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई.
पांच दिसंबर 2025 को शिमला पुलिस की पीओ सेल टीम ने आरोपी को सोलन जिला के कुमारहट्टी क्षेत्र से गिरफ्तार किया. अगले दिन यानी 6 दिसंबर को उसे न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी-4 शिमला की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
नौ दिसंबर 2025 को अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान पवन कुमार को जमानत दे दी, लेकिन साथ ही यह भी आदेश दिया कि चूंकि आरोपी को पहले फरार घोषित किया गया था, इसलिए उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 209 के तहत अलग से मामला दर्ज किया जाए.
अदालत के आदेश पर थाना छोटा शिमला में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी इतने वर्षों तक कहाँ छिपा रहा और अदालत में पेश न होने के पीछे की वजह क्या थी.
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
