प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2024: आयोग ने इंग्लिश विषय की विचारित सूची जारी की
अजमेर, 20 अगस्त (Kiran News)। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के अंतर्गत इंग्लिश विषय के पदों के लिए विचारित सूची जारी कर दी है। इस सूची में 701 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थाई रूप से शामिल किया गया है। विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आयोग सचिव ने बताया कि यह सूची चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता सुनिश्चित करने के क्रम में केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से जारी की गई है। यह चयन सूची अथवा वरीयता सूची नहीं है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन के बाद आयोग द्वारा जारी की जाएगी।
विचारित सूची में शामिल अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरना अनिवार्य है। विस्तृत आवेदन पत्र भरने का लिंक 26 अगस्त से 1 सितंबर 2025 (रात्रि 11.59 बजे तक) खुला रहेगा। अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ऑनलाइन आवेदन एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
अस्थाई रूप से चयनित सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर ‘माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी-अप्लाई नाउ’ का चयन कर विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरें। विस्तृत आवेदन-पत्र और दस्तावेजों की जांच माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी।



