Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

अनूपपुर: इंगांसजविवि के प्रोफेसर पर प्रकरण दर्ज, छात्रा को केबिन में बुलाकर अश्लील हरकतें करने का लगा था आरोप

अरोपित शिक्षक

अनूपपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक के प्रोफेसर नयन साहू पर शुक्रवार को थाना अमरकंटक में प्रकरण दर्ज कर लिया गया। ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने अश्लील हरकतें करने के आरोप लगते हुए शिकायत की थी। विश्वविद्यालय की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि प्रोफेसर नयन साहू ने उसे काम के बहाने अपने केबिन में बुलाया था। वहां उन्होंने न केवल उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उसके सामने ऐसी शर्तें रखीं जो एक शिक्षक और छात्रा के रिश्ते को कलंकित करती हैं। जब छात्रा ने प्रोफेसर की इन अनुचित मांगों का विरोध किया, तो उन्होंने उसे बदनाम करने और उसका शैक्षणिक भविष्य पूरी तरह बर्बाद करने की धमकी देकर डराने की कोशिश की।

प्रोफेसर ने खुद को बताया शिक्षक संघ का महासचिव

छात्रा के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर ने अपनी धमकियों में अपने पद और रसूख का भी हवाला दिया। उसने खुद को विश्वविद्यालय के टीचर एसोसिएशन का महासचिव बताते हुए छात्रा पर दबाव बनाया कि यदि वह उसकी बात नहीं मानती है, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस मानसिक प्रताड़ना और दबाव के बावजूद छात्रा ने हिम्मत जुटाई और अक्टूबर के महीने में ही अमरकंटक थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने पहले अपने स्तर पर घटना की जांच की थी। एसडीओपी नवीन तिवारी ने बताया कि समिति ने अपनी जांच का प्रतिवेदन पुलिस को सौंपा, जिसके आधार पर अब आरोपी प्रोफेसर नयन साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 (1) (i) और 351 (2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *