Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

फतेहाबाद में जमीन नीलामी का विरोध,तहसीलदार को बनाया बंधक

बंधक बनाए तहसीलदार को छुड़वाने पहुंचा पुलिस बल

फतेहाबाद, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के जाखल खंड के गांव नडैल में एक किसान की जमीन नीलामी का किसानों ने जमकर बवाल किया। नडैल पहुंचे कई गांवों के किसानों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नीलामी के लिए पहुंचे नायब तहसीलदार रसविन्द्र सिंह को किसानों ने करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा। किसानों के आंदोलन की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया।

किसानों के प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहा) के जिला सचिव निर्भय रतिया ने बताया कि नडैल गांव के एक किसान ने जाखल मंडी के एक आढ़ती से करीब 7 लाख रुपए का कर्ज लिया था, जो ब्याज सहित अब बढक़र लगभग 27 लाख रुपए हो गया है। कोर्ट ने इस कर्ज की वसूली के लिए किसान की लगभग 4 करोड़ रुपए मूल्य की जमीन नीलाम करने का आदेश दिया है। किसान इस आदेश को अन्यायपूर्ण बताते हुए विरोध कर रहे हैं। किसानों ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वे इस विवाद को पंचायत में बैठकर सुलझाने के लिए तैयार हैं, लेकिन किसी भी तरह की जबरदस्ती या ‘धक्केशाही’ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कोर्ट के आदेशों का पालन कराने के लिए बुधवार को नायब तहसीलदार रसविन्द्र सिंह गांव पहुंचे थे। उन्होंने कोर्ट की प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश की, लेकिन जब कोई पक्ष उपस्थित नहीं हुआ तो वे लौटने लगे। इसी दौरान किसानों ने उन्हें रोक लिया और करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाखल थाना प्रभारी ने नायब तहसीलदार को किसानों के कब्जे से छुड़ाकर सुरक्षित उनके कार्यालय पहुंचाया। आढ़ती जगदीश राय ने बताया कि उन्होंने बकाया राशि की वसूली के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने जमीन नीलाम करने का आदेश दिया है और उनका कहना है कि कोर्ट का फैसला सर्वोपरि है, जिसका पालन होना चाहिए।

नायब तहसीलदार रसविन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने गांव के पंचायत घर में प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुधवार को किसी भी तरह की नीलामी नहीं हुई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

—————

(Udaipur Kiran) / अर्जुन जग्गा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *