Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

अनूपपुर: विद्यार्थियों को शासन की सुविधाओं का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता-कलेक्टर

समीक्षा बैठक

समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

अनूपपुर, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जिले के सभी अध्ययनरत विद्यार्थियों को शासन की सुविधाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को कहा कि आगामी एक माह के भीतर जिले के सभी छात्रावास एवं आश्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर से बेहतर किया जाए। जिन अधिकारियों को छात्रावास और आश्रमों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें निरीक्षण के दौरान सभी कमियों को परख एप में अपलोड करने के साथ-साथ दूरभाष पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को भी जानकारी देना अनिवार्य है।

कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रावास एवं आश्रमों में मिलने वाले खाद्यान्न का आवंटन स्पष्ट रूप से बाहर चस्पा किया जाए। इससे खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता और सुचिता बनी रहेगी तथा आमजन और संबंधित अधिकारियों को उचित जानकारी मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न आवंटन की जानकारी अवश्य प्राप्त की जाए।

दीपावली को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने सभी छात्रावासों में रंगाई-पुताई कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन छात्रावासों में मरम्मत आवश्यक है, उनकी जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में 100 दिवसीय सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान की प्रगति की समीक्षा भी की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के विभिन्न ग्रामों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है और सिकल सेल एनीमिया की जांच नियमित रूप से की जा रही है।

कलेक्टर ने जिले के समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर से बेहतर की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को जिले के हर नगरीय निकाय में जहाँ सबसे अधिक कचरा जमा होता है, उसका चिन्हांकन कर विशेष रूप से सफाई कराई जाए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा एक बगिया मां के नाम अभियान, नर्मदा परिक्रमा पथ पर पौधरोपण, सीएम हेल्पलाइन प्रकरण, ई-अटेंडेंस, ई-ऑफिस, कृषि, स्वास्थ्य, उद्यानिकी, उद्योग, खाद्य, सहकारिता सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा अजीत तिर्की सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं और अभियानों में समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए ताकि जिले के नागरिकों को शासन की सुविधाएँ सही समय पर प्राप्त हों।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *