Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

पीएसजी स्टार डेम्बेले ने जीता बैलन डी’ओर 2025 अवॉर्ड

फ्रांस के फॉरवर्ड उस्मान डेम्बेले

पेरिस, 23 सितंबर (Udaipur Kiran) । फ्रांस के फॉरवर्ड उस्मान डेम्बेले ने सोमवार को फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत अवॉर्ड बैलन डी’ओर जीत लिया। उन्हें यह पुरस्कार पिछले सीजन में पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) को चैंपियंस लीग ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाने के लिए मिला।

28 वर्षीय डेम्बेले ने बार्सिलोना और स्पेन के किशोर सनसनी लामिन यामल को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया। वे मैनचेस्टर सिटी और स्पेन के मिडफील्डर रॉड्री के उत्तराधिकारी बने, जिन्होंने 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी।

डेम्बेले, जो पहले बोरुसिया डॉर्टमुंड और बार्सिलोना के लिए खेल चुके हैं, 2018 में विश्व कप जीतने वाली फ्रांस टीम का भी हिस्सा थे। बीते सीजन में उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं में कुल 35 गोल किए और पीएसजी को पहली बार क्लब इतिहास में चैंपियंस लीग, साथ ही फ्रेंच लीग और कप डबल जिताने में अहम योगदान दिया।

इमोशनल डेम्बेले ने अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, “मेरे पास सच में शब्द नहीं हैं। पीएसजी के साथ यह सीजन अविश्वसनीय था। यह व्यक्तिगत ट्रॉफी है, लेकिन असल में इसे पूरी टीम ने जीता है। बैलन डी’ओर मेरा करियर का लक्ष्य कभी नहीं रहा, लेकिन मैंने चैंपियंस लीग जिताने के लिए कड़ी मेहनत की।”

डेम्बेले ने अपने कोच लुइस एनरिके को “पिता जैसा” बताते हुए उनका भी आभार जताया।

इसी समारोह में 18 वर्षीय लामिन यामल को लगातार दूसरी बार कोपा ट्रॉफी से नवाजा गया, जो 21 साल से कम उम्र के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दी जाती है। यामल 2023 में बार्सिलोना से सीनियर फुटबॉल में उतरे थे और उस वक्त डेम्बेले उनके साथी खिलाड़ी थे।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *