Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

शीतकालीन यात्रा, हिमक्रीड़ा व साहसिक पर्यटन को लेकर जनजागरण रैली का हुआ आयोजन

रैली

ज्योर्तिमठ, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शीतकालीन यात्रा के साथ ही शीतकालीन पर्यटन व खेलों को बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से बुधबार को श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के आवहान पर सीमांत धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ज्योतिर्मठ जन जागरूकता रैली का आयोजन हुआ।

श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के नेतृत्व मे निकाली गई जनजागरण रैली टीसीपी चौक से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए श्री नृसिंह मंदिर प्रांगण-मठागण पहुंचकर एक सभा मे तब्दील हुई। रैली में विभिन्न सामाजिक, पर्यटन एवं व्यावसायिक संगठनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया।

बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शीतकालीन पूजा स्थलों के साथ-साथ हिम क्रीड़ा व साहसिक पर्यटन को भी विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालु न केवल पूजा स्थलों तक पहुंच रहे हैं, बल्कि हिमाच्छादित क्षेत्रों में स्की, स्नो वॉकिंग तथा अन्य साहसिक खेलों के प्रति भी रुचि दिखा रहे हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन एवं रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है।

रैली का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को शीतकालीन यात्रा स्थलों, शीतकालीन पूजा पद्धति, हिम क्रीड़ा स्थलों तथा स्की एवं साहसिक खेलों की जानकारी देकर उन्हें इन गतिविधियों के प्रति जागरूक करना रहा।

रैली में ज्योर्तिमठ के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, स्की एसोसिएशन सहित अनेक संगठनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर स्की एसोसिएशन द्वारा शीतकालीन हिम क्रीड़ा स्थलों में स्की एवं साहसिक खेलों की संभावनाओं, सुरक्षा उपायों तथा प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई, जिससे युवाओं को इन खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा सके। “कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों, स्कूली बच्चों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की शपथ ली गई”।

कार्यक्रम में मंदिर समिति के कर्मचारी, मंदिर समिति द्वारा संचालित विद्यालयों के छात्र भी शामिल रहे। इस दौरान मंदिर समिति के मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, स्की एसोसिएशन के अजय भट्ट, थानाध्यक्ष देवेन्द्र रावत, होटल एसोसिएशन से सुभाष डिमरी व केशव मलासी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, श्रीराम डिमरी, समीर डिमरी, अनिल सकलानी, विकेश डिमरी, अनूप पंवार, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष चंडी प्रसाद बहुगुणा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विराज बिष्ट, प्रभारी नृसिंह मंदिर संदीप कपरुवाण, सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, अध्यापिकाएं, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / प्रकाश कपरुवाण

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *