Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
ASSAM

पूसीरे ने माल अनलोडिंग में 7.95 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की

The image shared by NFR.

गुवाहाटी, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे (पूसीरे) ने बीते नवंबर के दौरान माल अनलोडिंग के क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन जारी रखते हुए उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में कुल 1,114 मालगाड़ियों (रैक) की अनलोडिंग की गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में अनलोड किए गए 1,032 रैक की तुलना में 7.95 प्रतिशत अधिक है।

नवंबर माह के दौरान पूसीरे ने एफसीआई चावल, चीनी, नमक, खाद्य तेल, खाद्यान्न, उर्वरक, सीमेंट, कोयला, सब्जियां, ऑटोमोबाइल, टैंकर सहित अन्य आवश्यक एवं गैर-आवश्यक वस्तुओं का निर्बाध परिवहन और अनलोडिंग सुनिश्चित की। इन सभी मालों को रेलवे क्षेत्राधिकार के अंतर्गत स्थित विभिन्न गुड्स शेडों में कुशलतापूर्वक उतारा गया।

माल ढुलाई का एक बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर राज्यों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए समर्पित रहा। नवंबर में असम में सर्वाधिक 624 रैक की अनलोडिंग की गई, जिनमें से 324 रैक आवश्यक वस्तुओं से संबंधित थे। इसी अवधि में त्रिपुरा में 87, नगालैंड में 23, अरुणाचल प्रदेश में 8, मणिपुर में 23, मेघालय में एक तथा मिजोरम में 12 रैक अनलोड किए गए।

इसके अलावा, नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अधिकार क्षेत्र में पश्चिम बंगाल में 183 और बिहार में 153 रैक की अनलोडिंग की गई, जिनमें आवश्यक और गैर-आवश्यक दोनों प्रकार की वस्तुएं शामिल थीं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की सतत आवाजाही आम लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सभी स्तरों पर प्रभावी निगरानी के चलते टर्नअराउंड समय में कमी आई है और कुल मिलाकर अनलोडिंग दक्षता में सुधार हुआ है।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *