Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

बाइस अक्टूबर से शुरू होगा पुष्कर मेला

कलेक्टर लोकबंधु ने पुष्कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अजमेर, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जिले का विश्वप्रसिद्ध पुष्कर मेला इस बार 22 अक्टूबर से सात नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेला तीन चरणों में होगा। इसमें पशु मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजन शामिल होंगे। मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत 30 अक्टूबर को ध्वजारोहण के साथ होगी।

जिला कलेक्टर लोकबंधु ने बताया कि इस बार मेले में कई नई गतिविधियां जोड़ी गई हैं। पहली बार बीएसएफ के जवानों द्वारा कैमल शो पेश किया जाएगा, जिसमें कैमल टैटू शो और अन्य प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। इसके साथ ही हॉर्स शो का भी आयोजन होगा। इस बार पशुपालकों को ऑनलाइन प्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई है। साथ ही सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है। पशुपालकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मेले में इस बार राजस्थानी नृत्य, गायन और स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा। मिस्टर एंड मिस राजस्थान कॉम्पीटिशन भी पहली बार आयोजित किया जाएगा।

पुरानी वीआईपी पास व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब मेला सभी के लिए समान रूप से खुला रहेगा।

बॉलीवुड नाइट में मशहूर गायक रूप कुमार राठौड़ और सोनाली राठौड़ प्रस्तुति देंगे।

इस बार घोड़ा और ऊंट मालिकों की सुविधा के लिए नया मेला मैदान तैयार किया गया है। कुछ प्रतियोगिताएं वहीं होंगी, जबकि पुराने मैदान में भी पर्यटकों की संख्या को देखते हुए कई आयोजन होंगे। पुष्कर के 52 घाटों पर अधिक पानी होने के कारण सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सीसीटीवी कैमरे से पूरे मेले की निगरानी होगी।

2000 से अधिक पुलिसकर्मी, सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ, स्वयंसेवक और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।

भीड़ नियंत्रण के लिए वन-वे रास्ता व्यवस्था लागू की जाएगी।

स्थायी पुलिस चौकी भी बनाई जाएगी। पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर क्षेत्र और बाजारों की विशेष सजावट की जाएगी।

पर्यटन विभाग सोशल मीडिया के माध्यम से देशी-विदेशी पर्यटकों को आमंत्रित कर रहा है।

विकास प्रदर्शनी में सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि पर्यटक राजस्थान की संस्कृति और विकास दोनों का अनुभव कर सकें।

कलेक्टर लोकबंधु ने कहा कि इस बार पुष्कर मेला पूरी तरह जनसहभागिता वाला आयोजन होगा, जिसमें हर आगंतुक को राजस्थान की संस्कृति का जीवंत अनुभव मिलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *