Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

खाटूश्यामजी में पुत्रदा एकादशी व नववर्ष मेला शुरू, श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा

खाटूश्यामजी में नववर्ष पर 72 घंटे तक लगातार दर्शन किए जा सकेंगे।

सीकर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटूश्यामजी में पुत्रदा एकादशी और नववर्ष के पावन अवसर पर तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ मंगलवार से हो गया है। मेला शुरू होते ही बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मासिक मेले और नववर्ष के संयोग के कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटू पहुंच रहे हैं और “लखदातार की जय” के जयकारों के साथ बाबा श्याम के दर्शन कर रहे हैं।

मंदिर परिसर से लेकर खाटू आने वाले सभी मार्गों पर भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा विशेष दर्शन और प्रबंधन व्यवस्थाएं की गई हैं। एकादशी और नववर्ष के अवसर पर श्याम बाबा का भव्य श्रृंगार और आकर्षक सजावट की गई है, जो भक्तों का मन मोह रही है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार आज से आगामी तीन दिनों तक बाबा श्याम के पट्ट 24 घंटे खुले रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें। भीड़ नियंत्रण और समान दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं।

खाटूश्यामजी डीएसपी राव आनंद ने बताया कि मेले की सुरक्षा को लेकर 3000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर 230 सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही स्वच्छता, यातायात और आपातकालीन सेवाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नववर्ष पर खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल ने ट्रेनों की विशेष व्यवस्था की है। रविवार से एक जनवरी तक 24 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। नियमित सेवाओं की 54 ट्रेनों के साथ कुल 78 गाड़ियों का संचालन किया जाएगा।

जयपुर रूट पर प्रतिदिन सबसे अधिक 36 ट्रेनें चलेंगी। इसके अलावा दिल्ली, हिसार और रेवाड़ी के लिए हर घंटे ट्रेन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

रींगस स्टेशन के सीएमआई मोहन सिंह ने बताया कि सुचारू रेल संचालन के लिए 110 रेलवे कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए 10 टिकट काउंटर और सुरक्षा के लिए दो मोबाइल यूटीएस टीम गठित की गई हैं, जो 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए रींगस स्टेशन पर मंडल स्तरीय अधिकारियों की 24 घंटे तैनाती की है। मंडल कंट्रोल रूम से डीआरएम, एडीआरएम, सीनियर डीएससी/आरपीएफ सहित अन्य अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए उचित बैरिकेडिंग भी की गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *