Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

जयपुर सेंट्रल जेल से फरार दोनों बंदी गिरफ्तार, सुरक्षा चूक पर उठे सवाल

जयपुर, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News)। जयपुर की हाई सिक्योरिटी सेंट्रल जेल से शनिवार सुबह फिल्मी अंदाज में फरार हुए दोनों बंदी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। चोरी के मामलों में सजा काट रहे बंदी अनस और नवल किशोर ने जेल की 27 फीट ऊंची दीवार फांदकर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दिया था। पुलिस ने दोनों को जयपुर के मालपुरा गेट इलाके से गिरफ्तार कर लाल कोठी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

Jaipur Central Jail escape

रबर पाइप से दीवार फांदकर हुए फरार
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने चार दिन पहले ही भागने की योजना बना ली थी। जेल के बाथरूम की खिड़की की सरियों को काटकर रास्ता बनाया और रबर पाइप की मदद से दीवार फांदी। दीवार पर लगी करंट युक्त रेलिंग से नवल किशोर को झटका लगा, लेकिन दोनों एक-दूसरे की मदद से भागने में सफल रहे।

चोरी की बाइक से हादसा, अस्पताल से भी फरार
फरार होने के बाद दोनों ने मिश्रा मार्केट से मोटरसाइकिल चोरी की, लेकिन रामबाग चौराहे पर एक्सीडेंट हो गया। घायल होने पर राहगीरों ने उन्हें एसएमएस ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद होश में आते ही दोनों अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।

नशे की लत बनी वजह
डीसीपी पूर्व संजीव नैन ने बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और जेल में नशा न मिलने से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। नशे की पूर्ति के लिए वे वाहन चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों के खिलाफ शहर के कई थानों में वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने मालपुरा गेट से दबोचा
एसीपी गांधी नगर नारायण बाजिया ने बताया कि सूचना मिलने पर डीएसटी ईस्ट टीम ने मालपुरा गेट इलाके से दोनों को धर दबोचा। पुलिस ने दोनों का मेडिकल करवाया है।

जेल प्रशासन पर गिरी गाज
इस पूरे मामले ने जयपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लापरवाही बरतने पर आठ जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया गया है। अब यह जांच हो रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद कैदी किस तरह फरार हो पाए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *