रायगढ़ :मछली बनाने को लेकर हुए विवाद में दोस्त पर किया टंगिया से जानलेवा हमला

रायगढ़ , 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र में मामूली घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त पर टंगिया से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर गैर-जमानतीय धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना के संबंध में प्रार्थी सतीश कुमार राठिया , निवासी जोबी ने 15 दिसंबर को पुलिस चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी मायके गई हुई है, जिसके चलते वह अपने दोस्त राम गोपाल यादव के घर पर साथ में खाना बनाकर खाता था। दिनांक 13 दिसंबर 2025 शनिवार की रात मछली की सब्जी बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान सतीश द्वारा यह कहे जाने पर कि वह ही हमेशा खाना बनाता है और राम गोपाल कोई सहयोग नहीं करता। आरोपित राम गोपाल यादव गाली-गलौज पर उतर आया और पास में रखे टंगिया को उठाकर उसके पासे से सतीश पर हमला कर दिया।
मारपीट की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 628/2025 धारा 296, 351(2), 115(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। घायल सतीश कुमार राठिया का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके दाहिने पैर की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया। गंभीर चोट की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 118(2) भारतीय न्याय संहिता की वृद्धि की गई।
पुलिस द्वारा आरोपित राम गोपाल यादव पिता फिर सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी जोबी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा घटना में प्रयुक्त टंगिया को विधिवत जप्त किया गया। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर के साथ हेड कांस्टेबल दशरथ लाल सिदार एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—————
(Udaipur Kiran) / रघुवीर प्रधान



