Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
DELHI

रेलवे पुलिस ने दो महिला गैंग का किया भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, एक करोड़ का सामान बरामद

पुलिस का लोगो

नई दिल्ली, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली रेलवे पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो संगठित महिला चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। रेलवे के दाे थाना पुलिस ने इस संबंध में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों गैंग महिलाओं को निशाना बनाकर लिफ्ट और एस्केलेटर पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल एक करोड़ रुपये का सामान बरामद किया है।

रेलवे के पुलिस उपायुक्त केपीएस मल्होत्रा ने बुधवार को बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी एवं मानवीय खुफिया सूचनाओं को मिलाकर दोनों मामलों को सुलझाया। आरोपितों का मुख्य निशाना वे महिला यात्री थीं जो स्टेशन पर आभूषण या कीमती सामान लेकर यात्रा कर रही थीं।

सराय रोहिल्ला स्टेशन से इंटर-स्टेट महिला लिफ्ट गैंग का भंडाफोड़

पुलिस उपायुक्त के अनुसार पहला गैंग गुजरात के पालीताना/भावनगर क्षेत्र से संबंध रखने वाली महिलाओं का है। यह दिल्ली में अस्थायी पते पर रहते हुए बार-बार ठिकाने बदलकर पुलिस की निगरानी से बचती थी। पुलिस टीम ने गैंग की सदस्य शीतल उर्फ अनु को गिरफ्तार करने में सफल रही। पूछताछ में व जांच में पता चला कि लिफ्ट में प्रवेश करती महिला यात्रियों को निशाना बनाया जाता था। एक आरोपित महिला बातचीत कर ध्यान भटकाती, जबकि दूसरी महिला बैग खोलकर आभूषण या पाउच निकाल लेती। चोरी के बाद वे तुरंत किराए के कमरे या शहर बदल देतीं।

जांच के बाद पुलिस ने 70 लाख रुपये के आभूषण और घड़ियां बरामद की।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से एस्केलेटर गैंग गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त के अनुसार दूसरा गैंग दिल्ली के आनंद पर्वत स्थित फरीदपुरी कैंप का था, जो कई बार भीड़भाड़ वाले स्टेशन इलाकों में चोरी की घटनाओं में शामिल पाया गया है। ये महिलाएं विशेष रूप से उन महिला यात्रियों को निशाना बनाती थीं जो आभूषणों के बैग लेकर एस्केलेटर पर चढ़ती थीं। वे शरीर की हरकत देखकर अनुमान लगाती थीं कि कौन यात्री अधिक कीमती सामान लेकर चल रही है। यात्रा के दौरान बैग खोला जाता और सामान निकालकर तुरंत गायब हो जाती थीं। इनमें गिरफ्तार आरोपित में शामिल लक्ष्मी के खिलाफ 13 आपराधिक मामले पहले से दर्ज पाए गए हैं। पुलिस इनसे 30 लाख रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए।

———–

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *