हाथी से टकराने के बाद रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द व नियंत्रित

गुवाहाटी, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । लामडिंग मंडल के जामुनामुख–कामपुर खंड पर हाथी से टकराने के कारण ट्रेन संख्या 20507 डाउन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के पटरी से उतर जाने के बाद पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के लामडिंग–गुवाहाटी खंड में रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही एनएफआर के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल, प्रभावित खंड में बहाली कार्य जारी है।
इस घटना के चलते शनिवार को प्रारंभ होने वाली कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से समाप्त, आंशिक रूप से प्रारंभ तथा नियंत्रित किया गया है।
20 दिसंबर को अपनी यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 15927 रंगिया–न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस, 12067 गुवाहाटी–जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस, 15888 गुवाहाटी–बदरपुर विस्टाडोम एक्सप्रेस, 15928 न्यू तिनसुकिया–रंगिया एक्सप्रेस, 15666 मरियानी–गुवाहाटी एक्सप्रेस, 55602 लामडिंग–गुवाहाटी पैसेंजर, 12068 जोरहाट टाउन–गुवाहाटी जन शताब्दी एक्सप्रेस, 15887 बदरपुर–गुवाहाटी विस्टाडोम एक्सप्रेस तथा 55601 गुवाहाटी–लामडिंग पैसेंजर को रद्द कर दिया गया है।
ट्रेन संख्या 15769 अलीपुरद्वार–मरियानी एक्सप्रेस को दिगारू में आंशिक रूप से समाप्त किया गया है और दिगारू–मरियानी खंड में यह रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 15770 मरियानी–अलीपुरद्वार एक्सप्रेस को दिगारू से आंशिक रूप से प्रारंभ किया गया है तथा मरियानी–दिगारू खंड में इसे रद्द किया गया है।
कई लंबी दूरी की ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित किया गया है। ट्रेन संख्या 13173 सियालदह–सबरूम कंचनजंघा एक्सप्रेस को चापरमुख में, 19 दिसंबर की 12423 डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 22504 डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस और 15612 सिलचर–रंगिया एक्सप्रेस को लामडिंग में नियंत्रित किया गया। ट्रेन संख्या 22502 न्यू तिनसुकिया–एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को होजाई में तथा 15604 लेडो–गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस को जुगिजन में नियंत्रित किया गया है।
इसके अतिरिक्त 15960 डिब्रूगढ़–हावड़ा कामरूप एक्सप्रेस, 15616 सिलचर–गुवाहाटी एक्सप्रेस, 12504 अगरतला–एसएमवीटी बेंगलुरु हमसफर एक्सप्रेस, 13174 सबरूम–सियालदह कंचनजंघा एक्सप्रेस और 22503 कन्याकुमारी–डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस को मार्ग में आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया गया है। ट्रेन संख्या 15910 लालगढ़–डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस को गुवाहाटी में तथा 15817 नाहरलगुन–शोखुवी दोनी पोलो एक्सप्रेस को पानीखैती में नियंत्रित किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि प्रभावित खंड में बहाली कार्य जारी है।
———————-
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश



