Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश का अलर्ट, 31 दिसंबर को 11 जिलों में बरसात की संभावना

अजओर के किशनगढ़ में छाया काेहरा।

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के चलते प्रदेश में दो दिन तक बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर को राज्य के 11 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि एक जनवरी को घने कोहरे के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार सुबह अलवर, भरतपुर, अजमेर के किशनगढ़ सहित शेखावाटी अंचल में घना कोहरा छाया रहा। कई क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई। अलवर शहर के पास स्थित बाला किला से पूरा शहर बादलों और घने कोहरे में छिपा हुआ नजर आया, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया।

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 31 दिसंबर को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं एक जनवरी को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां हाे सकती हैं। एक जनवरी की शाम से प्रदेश में घना कोहरा छाने और अगले कुछ दिनों तक सर्द हवाओं के साथ कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में घने कोहरे और बादलों के कारण धूप कमजोर रही, जिससे दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ गई। अलवर, हनुमानगढ़ और करौली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। करौली प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान मात्र 18.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *