राजस्थान के 6 जिलों में बारिश का अलर्ट, धौलपुर-भरतपुर में बूंदाबांदी, 90% से ज्यादा भरे बांध
जयपुर, 18 सितंबर (Udaipur Kiran News)। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदला है। बीती रात पूर्वी हिस्सों में कमजोर सिस्टम के चलते बादल छाए और धौलपुर-भरतपुर जिले में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज राज्य के 6 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

धौलपुर के मनिया में बीती रात 1 मिमी बारिश हुई, वहीं धौलपुर और भरतपुर के कई हिस्सों में देर रात हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में हल्की ठंडी हवाएं चलीं। मौसम केंद्र के अनुसार, 20 सितंबर से बारिश का दौर थम जाएगा और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मौसम साफ होने लगेगा।
तापमान में बढ़ोतरी
कल जयपुर, हनुमानगढ़, नागौर और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में आसमान साफ रहा और धूप खिली, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई।
-
सबसे अधिक तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस चूरू और 37.6 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में दर्ज हुआ।
-
जयपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
-
पिलानी 36.9, जैसलमेर 36.9, बाड़मेर 36.3, बीकानेर 36.3, अलवर 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
-
अजमेर, नागौर और भीलवाड़ा में 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान दर्ज हुआ।
बांधों में रिकॉर्ड पानी
राजस्थान के बांध इस बार पानी से लबालब हैं। 693 बांधों में से 449 पूरी तरह भरे हुए हैं और 148 बांध आधे भरे हैं। बड़े 23 बांधों में 95.14% पानी स्टोर है।
मौसम विभाग के अनुसार, 1990 से 2025 तक के रिकॉर्ड में यह पहला मौका है जब बांधों में 90.34% स्टोरेज हुआ है। इसका फायदा यह होगा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और जयपुर में बीसलपुर से पेयजल आपूर्ति में कोई कमी नहीं होगी।



