Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान के 24 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट

फाइल

जयपुर, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मानसून की विदाई के बाद भी राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 24 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, तीन और चार अक्टूबर को बारिश थोड़ी धीमी होगी, लेकिन पांच से सात अक्टूबर तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में तेज बरसात की संभावना है।

माैसम विभाग की रिपाेर्ट के अनुसार बुधवार को जयपुर, नागौर, अजमेर, करौली, भरतपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। जयपुर जिले के दूदू में 42 मिमी, जोबनेर में 35, जालसू में 19, मौजमाबाद में 11 मिमी पानी बरसा। इसी तरह तूंगा में 23, भरतपुर के उच्चैन में 28, अजमेर शहर में 8.6, सीकर के श्रीमाधोपुर में 13, और नागौर के रियाबाड़ी में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। देर शाम हनुमानगढ़ और चूरू जिले के कुछ इलाकों में तूफानी बरसात भी हुई।

लगातार हो रही बरसात के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। बुधवार को अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान औसत से पांच डिग्री तक नीचे रहा। गंगानगर में सबसे अधिक तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि राजधानी जयपुर में 30.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। माैसम विभाग ने गुरुवार काे जयपुर सहित हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, अजमेर, नागौर, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी, उदयपुर, डूंगरपुर, जोधपुर, पाली, सिरोही, राजसमंद, जालोर और बाड़मेर जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बरसात से किसानों को राहत मिली है, वहीं शहरों में जलभराव की स्थिति से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *