Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 4 जनवरी से

राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 4 जनवरी से

जयपुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग तथा टाई राजस्थान के संयुक्त सहयोग से राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026 का भव्य आयोजन 4 से 6 जनवरी, 2026 तक सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एवं कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय वैश्विक समिट में स्टार्टअप्स, निवेशक, नीति निर्माता, उद्यमी और क्रिएटर्स एक मंच पर जुटेंगे। जहां नवाचार, उद्यमिता और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर व्यापक मंथन होगा। इस समिट में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों, 100 से ज्यादा वक्ताओं, 50 से अधिक सत्रों, 500 से ज्यादा निवेशकों, 100 से अधिक स्टार्टअप पिच और 300 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी प्रस्तावित है।

समिट के दौरान विभिन्न विषयगत सत्रों और स्टार्टअप पिच के साथ-साथ हैकाथॉन, कॉमिकॉन, फिल्म फेस्टिवल और राजस्थान रीजनल एआई इम्पेक्ट कॉन्फ्रेंस जैसे विशेष आयोजन भी होंगे। जो इसे एक बहुआयामी वैश्विक मंच बनाएंगे।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के निर्देशन में विभाग द्वारा राजस्थान को वैश्विक इनोवेशन हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से राजस्थान डिजिफेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिट में डिजिटल एग्रीकल्चर, स्मार्ट हेल्थ, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और वॉटर गवर्नेंस जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस रहेगा।

वहीं विभाग के आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने बताया कि समिट में देश-विदेश की कई प्रख्यात हस्तियां शिरकत करेंगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी तथा वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, आंध्र प्रदेश के एमएसएमई मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिमंडल और उद्योग जगत की जानी-मानी हस्तियां कार्यक्रम में शामिल होंगी।

समिट के दौरान राजस्थान रीजनल एआई इम्पेक्ट कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया जाएगा। जो फरवरी 2026 में नई दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया-एआई इम्पेक्ट समिट की तैयारी यात्रा का हिस्सा है। इस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य राजस्थान में एआई आधारित नवाचारों को प्रदर्शित करना, हितधारकों से संवाद स्थापित करना और एआई गवर्नेंस से जुड़ी सिफारिशें तैयार करना है। इसमें एआई विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और उद्योगपतियों के लीडरशिप सत्र, विषयगत चर्चाएं तथा एआई एक्सपो आयोजित किया जाएगा।

समिट में स्मृति ईरानी, डॉ. विजय चौथाईवाले, अमिताभ नाग, विवेक ओबेरॉय, विजय अमृतराज, रिक्की केज, भूमि पेडनेकर, कंवल रेखी, विनीत राय, फादी घंडूर, प्रमोद भसीन, लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, एलेक्स ऑस्टरवाल्डर, नवनीत मुनोत, निलेश शाह, रमेश रास्कर, संजय अग्रवाल, अलख पांडे, अमित जैन, रिकांत पिट्टी, राघव चंद्रा सहित राजनीति, उद्योग, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और टेक्नोलॉजी जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां अपने विचार साझा करेंगी।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *