Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान देश में बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट बनकर उभरा : मंत्री कर्नल राठौड़

दौसा में पत्रकारों को राज्य सरकार की उपलब्धियां बताते उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर

दौसा, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दो साल में ही महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय कर उनकी धरातल पर बेहतर क्रियान्विति सुनिश्चित की है, जिससे राजस्थान देश में बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मात्र दो साल में ही जनता से किए संकल्पों में से 70 फीसदी संकल्प पूर्ण कर दिए हैं या प्रगतिरत है। प्रभारी मंत्री शनिवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी दे रहे थे।

जिला प्रभारी मंत्री राठौड़ ने कहा कि हमने दो साल पहले जनहित के 392 संकल्प लिए थे। सरकार का गठन होते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने इन संकल्पों को पूरा करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए और उनकी ठोस क्रियान्विति आरंभ की, जिसके परिणामस्वरूपम मात्र दो साल में ही 274 संकल्प पूर्ण कर दिए हैं या प्रगतिरत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी और पूर्ण पारदर्शी कार्यप्रणाली ने राजस्थान को देश के बेस्ट परफॉर्मर स्टेट की श्रेणी में पहुंचा दिया है। राज्य को बेस्ट परफॉर्मर के कई अवॉर्ड मिले हैं। केन्द्र सरकार की 11 राष्ट्रीय योजनाओं में राजस्थान प्रथम स्थान पर है, जबकि 5 योजनाओं में द्वितीय एवं 9 योजनाओं में तृतीय स्थान पर है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना को प्राथमिकता पर लेते हुए परियोजना को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए 26 हजार करोड़ रुपये के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। परियोजना से पूर्वी राजस्थान के दौसा सहित 17 जिलों में 4 लाख हेक्टेयर भूमि में सिंचाई और लगभग 3 करोड़ आबादी की पेयजल जरूरतें पूरी हो सकेंगी। जल जीवन मिशन के तहत 10 हजार 482 करोड़ रुपये व्यय कर 13 लाख 59 हजार ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया है।

उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए पिछली भर्तियों की जांच करने के साथ पारदर्शी तरीके से लगातार नई भर्तियां करवा रहे हैं। वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी कर बिना पेपर लीक 296 परीक्षाएं समय पर आयोजित की गई हैं। अब तक 90 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गई एवं एक लाख 53 हजार पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

उन्होंने कहा कि किसानों को सक्षम और सबल बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दी जाने वाली वार्षिक राशि 6 हजार रुपए में राज्य सरकार की ओर से 3 हजार रुपये जोड़कर 9 हजार रुपये कर दिया है। इसके तहत 76 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार 432 करोड़ रुपए सीधे उनके खातों में भेजे जा चुके हैं। साथ ही, किसानों को दिन में बिजली देने के वादे पर खरे उतरते हुए प्रदेश के 22 जिलों के किसानों को दिन में बिजली मिल रही है और शेष जिलों में भी दिन में बिजली उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दौसा जिले की विशिष्ट भौगोलिक स्थिति के कारण राइजिंग राजस्थान का सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। यहां दौसा-बांदीकुई नगर सुधार न्यास का गठन कर बहुउद्देशीय आवासीय योजना की अधिसूचना जारी कर दी गई है और इण्डस्ट्रीयल एण्ड लॉजिस्टिक हब एवं स्टोन मण्डी के लिए रीको को भूमि आवंटित कर दी गई है। इससे यहां बड़े उद्योग लगने के साथ असंख्य छोटे-बड़े उद्यम विकसित होंगे और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इस अवसर पर सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, महवा विधायक राजेन्द्र मीणा, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, लालसोट विधायक रामबिलास मीणा, जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक सागर राणा, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदीचंद गंगवाल, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र मीणा, पूर्व विधायक शंकरलाल शर्मा, पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रैला, जगमोहन मीणा, जिला प्रभारी सोमकांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / चरणजीत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *