फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लाेगाें से ठगी करने वाला राजस्थान का ठग उरई में गिरफ्तार

उरई, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की कैलिया थाना पुलिस ने साेमवार काे एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। वह फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को लोन दिलाने के नाम पर लालच देकर उनसे ठगी करता था।
कैलिया थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने सोमवार को बताया कि पकड़ा गया आरोपित नानूराम मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला है। उसके खिलाफ एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बैंक अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करता और कम ब्याज दर पर आसानी से बैंक लोन दिलाने का झांसा देता था। जब कोई राजी हो जाए तो वह उन्हें प्रक्रिया शुल्क, प्रोसेसिंग चार्ज, ब्रोकरेज या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे मांगता और रकम हड़प कर फरार हो जाता था।
बीते दिनों उसने इसी तरह उसे भी ठगा था। इस पर महिला ने उसके खिलाफ कैलिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तहकीकात के बाद आरोपित को खैरी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से ठगी की रकम छह हजार 410 रुपये, एक मोबाइल फोन, लैपटॉप, कई सिम कार्ड, फर्जी पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और एक नकली मुहर समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित पिछले कुछ समय से इस इलाके में सक्रिय था। उस पर धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वह कितने लोगों को ठग चुका है। इस काम में उसके साथ और कौन—कौन लोग शामिल हैं।————-
(Udaipur Kiran) / विशाल कुमार वर्मा



