राजगढ़ः फर्जी केसीसी बनाकर खाद निकालने वाले सहकारी संस्था प्रभारी को किया निलंबित

राजगढ़, 16 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्टर डाॅ. गिरीशकुमार मिश्रा ने स्वयं प्रत्येक समस्या को सुना और मौके पर ही उसका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में शिकायकर्ता भगवानसिंह ग्राम नरभापुरा ने बताया कि सोसायटी द्वारा उसे खाद नहीं दिया जा रहा है, जिससे उसे काफी समस्याएं हो रही है।
शिकायत पर संबंधित अधिकारी द्वारा बताया कि शिकायतकर्ता का 6 हजार 452 रुपये सोसायटी पर बकाया है, जिस पर कलेक्टर ने रेडक्राॅस से सोसायटी में बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता भगवानसिंह पंवार ने बताया कि सहकारी समिति आमलाबे में उन्होंने नकद राशि जमा की थी, लेकिन आज तक संस्था द्वारा उन्हें राशि वापस नही की गई है। कलेक्टर ने संबंधित सहकारी समिति को कारण बताओ नोटिस जारी करने व संस्था प्रभारी की वेतन वृद्वि रोकने के निर्देश दिए।
शिकायकर्ता महेश यादव ने बताया उनके भाई बद्रीलाल पुत्र विनयसिंह यादव के नाम पर समिति सचिव द्वारा फर्जी केसीसी बनाकर 1.5 लाख का खाद निकाला गया है, जब तहसील से नोटिस आया तब पता चला कि उसके नाम से खाद निकाला गया है। कलेक्टर ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए 4 लाख 10 हजार रुपए की वसूली संबंधित संस्था प्रभारी शिवनारायण वर्मा के वेतन से करने साथ ही निलंबित करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता कमलसिंह परिहार ने बताया कि सहकारी समिति भोजपुर में किसान बनेसिंह पुत्र गंगाराम को खाद नही दिया जा रहा है, उसके खाता पर कर्जा चढ़ा दिया गया है और उसके खाता से किसी दूसरे को खाद बेच दिया गया है। कलेक्टर ने संबंधित संस्था से वसूली व जांच के निर्देश दिए साथ ही तत्कालीन संस्था प्रभारी बद्रीलाल दांगी से 24 हजार 840 रुपए की वसूली के निर्देश दिए गए।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक



