Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

राजगढ़ःहत्या के प्रयास के मामले में फरार आठ इनामी आरोपित गिरफ्तार

फरार आठ इनामी आरोपित गिरफ्तार

राजगढ़, 2 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मप्र में राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आठ इनामी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने यह कार्रवाई मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर ग्राम कड़ियासांसी में दबिश देकर की।

थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत के अनुसार, वर्ष 2023 में ग्राम कड़ियासांसी निवासी राजकुमार पुत्र राजपाल भानेरिया, अमित पुत्र सुंदरलाल सांसी और रामचंद्र पुत्र पवन सांसी के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 324 और 307 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। यह प्रकरण मारपीट और हत्या के प्रयास से जुड़ा हुआ था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से तीनों आरोपित फरार चल रहे थे।

वर्ष 2024 में भी कड़ियासांसी के ही चार अन्य व्यक्तियों—राकेश पुत्र दयालसिंह भानेरिया, सावन पुत्र राकेश भानेरिया, शिवा पुत्र भैरुसिंह और शेरसिंह के खिलाफ धारा 109, 296 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ था। यह मामला आपराधिक साज़िश और अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित था। इन चारों आरोपितों ने भी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरारी काटी।

इसके अलावा, 2025 में संजय उर्फ पंडा पुत्र रामबाबू सांसी निवासी कड़ियासांसी पर धारा 296, 132, 191(2), 351(3), 324(4), 121(3), 121(1) और 109 बीएनएस के तहत गंभीर प्रकरण दर्ज किया गया था। इन धाराओं में कई संगीन आरोप शामिल हैं। संजय भी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।

इन सभी आठ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने मंगलवार को ग्राम कड़ियासांसी में दबिश देकर सभी आठों इनामी आरोपितों राजकुमार, अमित, रामचंद्र, राकेश, सावन, शिवा, शेरसिंह और संजय सांसी को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को न्यायालय में पेश किया गया।

इस सफल कार्रवाई में थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत, एसआई आर.पी. मिश्रा, प्रधान आरक्षक रामनारायण जाटिया, आरक्षक कपिल अटारिया, पर्वतसिंह, लोकेश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *