राजगढ़ः सुशासन दिवस के अवसर पर कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों को दिलाई सुशासन की शपथ

राजगढ़, 24 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर डाॅ.गिरीश कुमार मिश्रा ने बुधवार को अधिकारी-कर्मचारियों को सुशासन दिवस की शपथ दिलाई। सुशासन दिवस पर 25 दिसम्बर को शासकीय अवकाश होने के कारण एक दिन पहले ही शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर कलेक्टर डाॅ.मिश्रा ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, संवदेनशीलता एवं समयबद्वता के साथ करें। इस अवसर पर सभी अधिकारी- कर्मचारियों ने प्रशासनिक कार्यों में नियमों का पालन, जनहित को सर्वोपरि रखने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। सुशासन दिवस के अवसर पर प्रशासन द्वारा सुशासन के सिद्वांतों को आत्मसात करते हुए जनसेवा के प्रति निरंतर प्रतिबद्व रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में समस्त विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक



