Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
ENTERTAINMENT

सारा अर्जुन काे किस करने पर राकेश बेदी ने ताेड़ी चुप्पी

सारा अर्जुन, राकेश बेदी - फोटो सोर्स एक्स

नवंबर में फिल्म ‘धुरंधर’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेता राकेश बेदी और सारा अर्जुन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसने अनावश्यक विवाद को जन्म दे दिया। मंच पर हुए एक स्नेहपूर्ण पल को गलत संदर्भ में पेश किए जाने के बाद राकेश बेदी को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब अभिनेता ने पूरे मामले पर अपनी बात साफ तौर पर रखी है।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान राकेश बेदी ने मंच पर सारा अर्जुन का गर्मजोशी से स्वागत किया था। उन्होंने उन्हें गले लगाया और हल्के से कंधे पर चूमा। यही क्षण कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इसे लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां शुरू हो गईं। कई यूजर्स ने इस स्नेहपूर्ण व्यवहार को गलत तरीके से पेश करते हुए अभिनेता पर आरोप लगाए।

पिता-पुत्री जैसा रिश्ता है हमारा

अब राकेश बेदी ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों ने पूरी घटना को बेहद गलत नजरिए से देखा। उनके मुताबिक, सारा अर्जुन के साथ उनका रिश्ता बिल्कुल पिता और बेटी जैसा है। उन्होंने कहा, ये बहुत ही बेवकूफी भरी बातें हैं। सारा मेरी आधी उम्र से भी कम है और फिल्म में भी वह मेरी बेटी की भूमिका निभा रही है। राकेश ने आगे कहा कि शूटिंग के दौरान भी सारा उन्हें उसी तरह गले लगाती थी, जैसे एक बेटी अपने पिता से मिलती है। अभिनेता बोले, ट्रेलर लॉन्च के दिन भी कुछ अलग नहीं था। लोग स्नेह को देखने और समझने के बजाय उसमें गलत मतलब निकाल रहे हैं। अगर किसी की सोच में ही खामी है, तो उसमें मैं क्या कर सकता हूं?

गलत इरादे का सवाल ही नहीं

अभिनेता ने यह भी साफ किया कि उस वक्त सारा के माता-पिता मंच के पास ही मौजूद थे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, मैं सार्वजनिक मंच पर, वो भी उसके माता-पिता के सामने, किसी बच्चे को गलत इरादे से क्यों चूमूंगा? लोग बिना वजह सोशल मीडिया पर मुद्दा बनाते हैं। मैं खुद को सफाई देने में नहीं लगा हूं, मेरा काम और मेरा करियर ही मेरी पहचान है। राकेश बेदी का कहना है कि ऐसे विवाद महज गलत सोच और जल्दबाजी में निकाले गए निष्कर्षों का नतीजा होते हैं, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं होता। राकेश बेदी बॉलीवुड और टीवी जगत के जाने-माने अभिनेता हैं, जो अपनी कॉमेडी और दमदार सहायक भूमिकाओं के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने ‘अंदाज अपना अपना’ ‘चालबाज’ और ‘चश्मे बद्दूर’ जैसी फिल्मों और टीवी शो ‘श्रीमान श्रीमती’ के लिए खासतौर से खूब वाहवाही लूटी है।

—————

(Udaipur Kiran) / लोकेश चंद्र दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *