Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

आईपीएल नीलामी में आरसीबी ने वेंकटेश अय्यर को 7 करोड़ रुपये में खरीदा

वेंकटेश अय्यर

अबू धाबी (यूएई), 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की मिनी नीलामी में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को 7 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। अय्यर की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये थी।

नीलामी के दौरान सबसे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने बोली लगाई, इसके बाद गुजरात टाइटंस भी रेस में शामिल हुई। जैसे ही अय्यर की पूर्व टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बोली लगाई, मुकाबला रोचक हो गया। अंत में आरसीबी और KKR के बीच चली कड़ी प्रतिस्पर्धा में आरसीबी ने बाजी मारते हुए वेंकटेश अय्यर को अपने साथ जोड़ लिया।

आईपीएल करियर में वेंकटेश अय्यर ने अब तक 56 पारियों में 1,468 रन बनाए हैं। उनका औसत 29.12 और स्ट्राइक रेट 137 से अधिक का रहा है। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 12 अर्धशतक जड़े हैं। पिछले सीजन में केकेआर ने उन्हें 23.75 करोड़ रुपये में वापस खरीदा था, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने सात पारियों में सिर्फ 142 रन बनाए, औसत 20 से थोड़ा अधिक और स्ट्राइक रेट लगभग 140 रहा, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल था।

टी20 क्रिकेट में वेंकटेश अय्यर ने 144 मैचों में 3,179 रन बनाए हैं। उनका औसत 34.18 और स्ट्राइक रेट 138.63 रहा है, जिसमें 1 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में 55 विकेट भी चटकाए हैं।

वर्तमान सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में अय्यर ने 11 मैचों में 211 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 26.37 और स्ट्राइक रेट 119 से अधिक रहा है, साथ ही उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं।

इसी नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा को उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा। हसरंगा एक बार फिर टॉम मूडी के साथ काम करेंगे, जिनके साथ वह पहले ILT20 में डेजर्ट वाइपर्स के लिए खेल चुके हैं। आईपीएल में हसरंगा ने आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 37 मैचों में 46 विकेट लिए हैं, जिसमें दो चार विकेट और एक पांच विकेट हॉल शामिल है।

वैश्विक टी20 क्रिकेट के बड़े नाम हसरंगा ने कुल 238 मैचों में 2,463 रन बनाए हैं और 332 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/9 रहा है। श्रीलंका के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 90 मैचों में 773 रन बनाए हैं और 146 विकेट हासिल किए हैं।

नीलामी में न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र को कोई खरीदार नहीं मिला। वह पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा थे, लेकिन खराब प्रदर्शन के चलते फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसी तरह इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन भी अनसोल्ड रहे। लिविंगस्टोन का आईपीएल करियर अच्छा रहा है, लेकिन पिछले सीजन में वह खास प्रभाव नहीं छोड़ सके।

इसके अलावा इंग्लैंड के गस एटकिंसन, दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर और भारतीय ऑलराउंडर दीपक हुड्डा भी नीलामी में अनसोल्ड रहे।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *