Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
HARYANA

हरियाणा में रेडक्रॉस इमारतों की होगी मैपिंग

हरियाणा रेडक्रास के वाइस चेयरमैन कर्मचारियाें से बातचीत करते हुए

-प्रदेश भर में रेडक्रॉस के खाली भवनों में बनेंगे अस्थाई रैन बसेरे

चंडीगढ़, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेशभर में चल रही हरियाणा रेडक्रास सोसायटी की बिल्डिंग की मैपिंग करवाई जाएगी। कर्मचारियों की मांग व सुविधा के अनुसार उनमें बदलाव होंगे। यह जानकारी भारतीय रेडक्रास सोसायटी, हरियाणा शाखा के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने रविवार को चंडीगढ़ में जारी बयान में दी। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग की मैपिंग के साथ केंद्र व राज्य सरकार के नए प्रोजेक्टों को लागू करने का रोडमैप तैयार किया गया है। यही नहीं, ठंड के मौसम में गरीबों को कंबल वितरित करने के साथ रेडक्रॉस भवनों में रैन बसेरों की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला कार्यालयों में पहुंचकर व्यवस्थाएं जांचने की पहल की है। फरीदाबाद में ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मियों ने कार्यालयों की समस्याओं बारे अवगत कराया था। उसके बाद उन्होंने जिला कार्यालयों के निरीक्षण की रूपरेखा तैयार की। पहली कड़ी में कुरुक्षेत्र कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने न केवल कर्मियों की समस्याएं सुनी, बल्कि व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। कर्मियों ने उन्हें समस्याओं बारे अवगत कराया, साथ ही उन्होंने रेड क्रॉस भवन, टीबी प्रोजेक्ट, टीआई प्रोजेक्ट, कामकाजी महिलाओं के हॉस्टल और फिजियोथेरेपी का निरीक्षण किया। उन्होंने कुरुक्षेत्र जिले में टीबी प्रोजेक्ट में चलाई जा रही गतिविधियों की सराहना की।

उन्होंने कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेडक्रॉस की गतिविधियों के साथ सामाजिक संस्थाओं के साथ युवाओं को जोड़ा जाए, ताकि रेड क्रॉस की गतिविधियां आमजन तक पहुंच सकें। अंकुश मिगलानी ने बताया कि हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष एवं राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष के निर्देशानुसार सोसायटी की ओर से जिला सचिवों को निर्देश दिए हैं कि जनसेवाओं के साथ युवा पीढ़ी को जोड़ें। हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने बताया कि जिला रेडक्रास सचिवों से खाली बिल्डिंग की रिपोर्ट तलब की गई है।

खाली बिल्डिंग में रैन बसेरे खोले जाएंगे। इन रैन बसेरों में तमाम सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी, ताकि कोई भी बेघर ठंड में रात न गुजारे। वहीं, जहां पर रैन बसेरे संचालित हैं, उनमें व्यवस्थाओं व सुविधाओं को जांचने के लिए औचक निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ, हर वर्ष की तरह रेडक्रास की ओर से गरीबों और जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *