Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
INDIA

मध्य प्रदेश में भारी बारिश से मिली राहत, कल से फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम

भोपाल, 27 अगस्त (Kiran News)। मध्य प्रदेश में बारिश का मजबूत सिस्टम कमजोर पड़ने के चलते बुधवार को प्रदेश के किसी भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकांश जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि, 28 अगस्त से एक नया सिस्टम सक्रिय होने के बाद दक्षिणी मध्य प्रदेश में फिर से तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

भारी बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के ऊपर से एक मानसून ट्रफ गुजर रही है। इसी कारण मंगलवार को कई जिलों में हल्की बारिश हुई। बुधवार को यह ट्रफ प्रदेश से दूर होगी, जिससे तेज बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन 28 अगस्त से सिस्टम दोबारा सक्रिय हो सकता है। मंगलवार को रतलाम, मंदसौर समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। रतलाम में चौराहों पर पानी भर गया और मंदसौर में शिवना नदी उफान पर रही। जबलपुर के बरगी डैम के 9 और नर्मदापुरम के तवा बांध के 3 गेट खुले रहे। रतलाम में करीब 1.25 इंच बारिश दर्ज हुई, जबकि नर्मदापुरम, उज्जैन, दमोह, खजुराहो, नौगांव, उमरिया में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। नर्मदापुरम में तवा डेम के तीन गेट दो-दो फीट तक खोलकर 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। मंदसौर में शिवना नदी नाहरगढ़ बिल्लोद पुलिया के ऊपर से बहती रही।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो गुना जिला सबसे आगे है, जहां 53.3 इंच बारिश हो चुकी है। मंडला में 52.8 इंच, अशोकनगर में 50.5 इंच, श्योपुर में 49.9 इंच और शिवपुरी में 49.7 इंच पानी गिरा है। वहीं, सबसे कम बारिश वाले 5 जिले सभी इंदौर संभाग के हैं, जिसमें इंदौर सबसे पीछे है। यहां अब तक औसतन 16.3 इंच बारिश हुई है। बुरहानपुर में 18.7 इंच, खरगोन में 19.8 इंच, खंडवा में 19 इंच और बड़वानी में 20 इंच से कम बारिश हुई है। बुधवार को भी इन जिलों में तेज बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 अगस्त को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक औसतन 35.6 इंच बारिश हो चुकी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *