Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

संशोधित ………चंदा नहीं देने पर सेना जवान पर हमला, पत्नी के साथ भी अभद्रता

इंडियन आर्मी

सिउड़ी, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

कालीपूजा से पूर्व चंदा वसूली को लेकर एक सेना के जवान और उनके परिवार के साथ मारपीट की घटना से बीरभूम जिले के सिउड़ी में तनाव उत्पन्न हो गया। घटना बुधवार को बीरभूम जिले के सिउड़ी के बड़ा बागान क्षेत्र स्थित पांच नंबर पल्ली में घटी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीरभूम जिले के दुबराजपुर थाना क्षेत्र के वनहुरी गांव निवासी तथा वर्तमान में कश्मीर में तैनात जवान गोपीनाथ दत्त अवकाश पर अपने घर आए थे। बुधवार को वे अपनी पत्नी और छोटे पुत्र को डॉक्टर दिखाने सिउड़ी आए थे। इसी दौरान जब उनका टोटो पांच नंबर पल्ली क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी स्थानीय क्लब के कुछ युवकों ने कालीपूजा के लिए चंदा मांगते हुए उनका रास्ता रोक लिया।

गोपीनाथ दत्त ने बताया कि उन्होंने क्लब सदस्यों से कहा कि वे पहले बच्चे को डॉक्टर के पास दिखा देंगे, लौटते समय चंदा दे देंगे, किंतु युवकों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उन्होंने टोटो रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए गोपीनाथ दत्त के साथ मारपीट की। उनके मोबाइल फोन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा उनकी पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।

सूचना पाकर सिउड़ी थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा दोषियों की तलाश जारी है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सिउड़ी के एक नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस पार्षद अनिल दास ने कहा कि “मुझे घटना की जानकारी मिलते ही मैं वहां पहूंचा। जो हुआ, वह अत्यंत अनुचित है। यदि किसी ने चंदा वसूली के नाम पर ऐसा कार्य किया है, तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”

स्थानीय लोगों ने भी कहा कि कालीपूजा से पूर्व इस प्रकार की चंदा वसूली की घटनायें अक्सर होती हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *