मेडिकल कॉलेज में भर्ती इनामी बदमाश पुलिस अभिरक्षा से फरार, चार पुलिसकर्मी निलंबित

प्रतापगढ़, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार की रात मुठभेड़ में घायल 25 हजार का इनामी बदमाश बुधवार तड़के मेडिकल कॉलेज से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक भूकर ने लापरवाही बरतने पर दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। बदमाश की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई हैं।
एसपी ने बताया कि पट्टी कोतवाली के उड़ैयाडीह बाजार में सात साल की बालिका से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपित जावेद को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया था। पुलिस की गोली से बदमाश घायल हुआ था, जिसे इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। बुधवार तड़के चार बजे पुलिसकर्मियों को सोता देख बदमाश फरार हो गया। पुलिस अभिरक्षा से 25 हजार के इनामी जावेद के फरार होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी ने मामले का संज्ञान लेकर लापरवाही बरतने वाले घना चौकी इंचार्ज कमलेश कुमार और आरक्षी अशोक कुमार, विनोद सिंह और आरक्षी गुलशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया है। सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।————–
(Udaipur Kiran) / दीपेन्द्र तिवारी



