Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
ASSAM

रीतामणि वैश्य अभाविप की प्रदेश अध्यक्ष पुनः निर्वाचित, मानस प्रतिम कलिता बने नए प्रदेश सचिव

डॉ रीतामणि वैश्य, अभाविप की प्रदेश अध्यक्ष तथा मानस प्रतिम कलिता नए प्रदेश सचिव की तस्वीर।

गुवाहाटी, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) असम प्रदेश की राज्य अध्यक्ष के रूप में गौहाटी विश्वविद्यालय की अध्यापिका डॉ. रीतामणि वैश्य को पुनः निर्वाचित किया गया है, जबकि गौहाटी विश्वविद्यालय के छात्र नेता मानस प्रतिम कलिता को वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सचिव चुना गया है।

अभाविप के राज्य कार्यालय से जारी निर्वाचन अधिकारी अतुल किरी इंग्टी के बयान के अनुसार, दोनों पदाधिकारियों का कार्यकाल एक वर्ष का होगा। डॉ. रीतामणि वैश्य और मानस प्रतिम कलिता आगामी 24 दिसंबर से धुबड़ी में आयोजित होने वाले अभाविप के 31वें राज्य अधिवेशन में औपचारिक रूप से अपना दायित्व ग्रहण करेंगे।

डॉ. रीतामणि वैश्य वर्तमान में गौहाटी विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं और बीते दो वर्षों से एबीवीपी असम प्रदेश की राज्य अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं। उनके कई शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं और वे सृजनात्मक साहित्य से भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। ‘मृगतृष्णा’, ‘महापुरुष शंकरदेव का रुक्मिणी हरण नाट’, ‘लोहित किनारे’, ‘लोकपक्ष और असम की जनजातियों की कहानियां’ उनकी प्रमुख कृतियों में शामिल हैं। वर्ष 2018 से वे एबीवीपी की सक्रिय कार्यकर्ता रही हैं और इससे पूर्व संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं। 2023-24 और 2024-25 में भी वे राज्य अध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुकी हैं।

वहीं, नव-निर्वाचित राज्य सचिव मानस प्रतिम कलिता मूल रूप से कामरूप ग्रामीण जिले के निवासी हैं और वर्तमान में गौहाटी विश्वविद्यालय से जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में स्नातकोत्तर अध्ययन कर रहे हैं। वे वर्ष 2019 से एबीवीपी से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। इससे पहले उन्होंने बालीसत्र और रंगिया शाखा में संयुक्त सचिव, राज्य कार्यकारिणी सदस्य तथा रंगिया महाविद्यालय छात्र एकता सभा के चुनाव में महासचिव के रूप में दायित्व निभा चुके हैं। वर्ष 2024-25 में वे गौहाटी विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर छात्र संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

डॉ. रीतामणि वैश्य और मानस प्रतिम कलिता के निर्वाचन की सूचना मिलते ही अभाविप कार्यकर्ताओं ने गौहाटी विश्वविद्यालय परिसर में उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. रीतामणि वैश्य ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभाविप ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरा करने का वे हर संभव प्रयास करेंगी। वहीं मानस प्रतिम कलिता ने राज्य सचिव का दायित्व मिलने पर सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सम्मान की बात है और वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाते हुए असम के छात्र समाज की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेंगे।

इस मौके पर अभाविप के निवर्तमान राज्य सचिव हेराल्ड मोहन, गौहाटी विश्वविद्यालय छात्र एकता सभा के अध्यक्ष गुंजन डेका सहित अभाविप गौहाटी विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं ने भी दोनों नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *