Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

आरजेएस-2025 का रिजल्ट जारी : प्रदेश में मधुलिका यादव ने किया टॉप

जाेधपुर

जोधपुर, 19 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी हो गया है। कुल 44 पदों पर रिजल्ट जारी किया गया है। इस बार भी नतीजों में महिलाओं का दबदबा देखने को मिला है। कुल 28 महिला जज बनी हैं। मेरिट लिस्ट के टॉप फाइव स्थानों पर सिर्फ महिलाओं ने जगह बनाई है, जबकि टॉप-10 में सिर्फ एक पुरुष है।

हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मधुलिका यादव ने 205.5 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप किया है। वहीं प्रज्ञा गांधी 204 अंकों के साथ दूसरे और अंबिका राठौड़ 196 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। टॉपर मधुलिका यादव ने कहा कि मैं पहले अटेम्प्ट में प्री भी क्लियर नहीं कर पाई थी, लेकिन दूसरे प्रयास में टॉप किया।

मधुलिका यादव ने बताया कि राजस्थान ज्यूडिशियल सर्विस में यह मेरा दूसरा अटेम्प्ट था। पहले प्रयास में प्री भी क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। दूसरे अटेम्प्ट में टॉपर बन गई। उन्होंने बताया कि पिता चंद्रशेखर उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में जज रहे हैं। ऐसे में न्यायिक सेवा में आने की प्रेरणा मुझे पिता से मिली। मधुलिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया।

सबसे युवा जज की उम्र महज 21 साल

इस रिजल्ट की सबसे बड़ी खोज राहुल बंसीवाल (रैंक 31) हैं। राहुल की जन्मतिथि 28 सितंबर 2004 है। रिजल्ट के दिन उनकी उम्र मात्र 21 साल 3 महीने है। न्यायिक सेवा में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष होती है, यानी राहुल ने पात्रता हासिल करते ही यह इतिहास रच दिया है।

सिविल जज भर्ती प्रक्रिया के तहत 136 अभ्यर्थियों के हुए थे साक्षात्कार :

सिविल जज भर्ती प्रक्रिया के तहत मुख्य परीक्षा में सफल हुए 136 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लिए गए थे। इन सभी के माक्र्स की कंपोजिट लिस्ट जारी करने के साथ ही फाइनल मेरिट लिस्ट (44 चयनित अभ्यर्थी) जारी कर दी गई है। बता दें कि इस साल फरवरी के अंतिम सप्ताह में न्यायिक सेवा में सिविल जज के 44 खाली पदों को भरने के लिए अधिसूचना निकाली गई थी। इसके बाद 27 जुलाई को प्रारंभिक चरण की परीक्षा हुई थी, जिसका परिणाम अगस्त के तीसरे सप्ताह में घोषित किया गया था। योग्य अभ्यर्थियों के लिए मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 11 और 12 अक्टूबर को राज्य के दो प्रमुख केंद्रों- जोधपुर और जयपुर में करवाया गया था।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *