Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

पश्चिम मेदिनीपुर में सड़क हादसा, दो डंपर की टक्कर से लगी आग

जला हुआ डंपर

मेदिनीपुर, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबंग थाना अंतर्गत नील बस स्टैंड के पास रविवार तड़के राज्य सड़क पर हुई दो डंपरों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक डंपर में भीषण आग लग गई। कालीपूजा से एक दिन पहले इस भीषण हादसे से पूरा इलाका दहल उठा।

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब सुबह 4:30 बजे, यह हादसा तब हुआ जब एक मोरेम लदा डंपर नील बस स्टैंड के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी पटाशपुर की ओर से आ रहा एक 18-चक्का स्टोन चिप्स लदा डंपर तेज़ रफ्तार में आकर खड़े डंपर से टकरा गया। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि 18-चक्का डंपर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटें फैल गईं और पास में रखे घास के ढेर में भी आग पकड़ ली।

आग की लपटें कई सौ मीटर दूर से दिखाई दे रही थीं और पूरे इलाके में काले धुएं का बादल छा गया। आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की 4 गाड़ियां और सबंग थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग लगने के बाद राज्य सड़क पर लंबा जाम लग गया और घंटों तक यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर रात में होती हैं और इसका मुख्य कारण डंपरों की बेकाबू रफ्तार है। अगर रात में ट्रैफिक पुलिस की निगरानी होती, तो ऐसी घटनाएं कम होतीं।

पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में कोई जानहानि नहीं हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों डंपरों की वैधता, गति और चालकों की स्थिति क्या थी।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *