Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

आभूषण की दुकान में डकैती की साजिश नाकाम, पांच गिरफ्तार

थाने में आरोपित

हुगली, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

धनतेरस और दीपावली से पहले हावड़ा और हुगली जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। हुगली जिले के चंडीतला थाने की पुलिस ने रविवार शाम एक आभूषण की दुकान में डकैती की साजिश को नाकाम करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से दो देशी पिस्तौल, छह राउंड कारतूस, दो भुजाली, एक चाकू, एक शर्टर और ताला तोड़ने के उपकरण बरामद किए।

हुगली ग्रामीण पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृषानु राय ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न इलाकों में नाका चेकिंग चल रही थी। रविवार शाम मशाट इलाके में पुलिस को कुछ संदिग्ध लोग घूमते दिखे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो कुछ लोग कार लेकर भाग निकले, लेकिन पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों का मकसद मशाट इलाके की एक आभूषण की दुकान में डकैती करना था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सूरज मंडल, कुतुब मंडल, राजा उद्दीन, आलोक समाद्दार और आशीष साहा के रूप में हुई है। इनमें दो आरोपित हुगली जिले के, एक दक्षिण 24 परगना और बाकी दो उत्तर 24 परगना के रहने वाले हैं।

चंडीतला थाने ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया है। पुलिस सोमवार को आरोपियों को श्रीरामपुर अदालत में पेश कर हिफ़ाज़त में लेने की अर्जी देगी। साथ ही उन फरार साथियों की तलाश जारी है जो पुलिस को देखकर भाग निकले थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृषानु राय ने कहा, “प्राथमिक जांच में पता चला है कि अपराधियों का लक्ष्य मशाट में आभूषण की दुकान को लूटना था। वे हावड़ा की दिशा से आए थे। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।”

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *