Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

एटीएम बदलकर सेवानिवृत्त एसआई के खाते से उड़ाए 2.97 लाख रुपये

फोटो

बेटी की शादी के लिए जोड़े थे फंड के पैसे, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपित

औरैया, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त उप निरीक्षक ज्ञान सिंह के बैंक खाते से टप्पेबाजी कर 2 लाख 97 हजार रुपये निकाल लिए गए। यह रकम उन्होंने अपनी पुत्री की शादी के लिए बचाकर रखी थी। घटना कानपुर रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम की है, जहां एटीएम बदलकर ठगी की गई। पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपित युवक का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञान सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक के पद से पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद मिले फंड के पैसों को उन्होंने बेटी की शादी के लिए सुरक्षित रखा था। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे उनके पुत्र अमित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे। एटीएम कक्ष में पहले से मौजूद एक युवक ने चालाकी से टप्पेबाजी की।

बताया गया कि जब अमित ने एटीएम से पैसे निकालने का प्रयास किया तो रुपये नहीं निकले। इस पर पास खड़े युवक ने कार्ड साफ करने के बहाने अमित से एटीएम लिया और चुपचाप उसे बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया। इसके बाद अमित ने दोबारा रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली और वह घर लौट आया। घर पहुंचने पर उसे पता चला कि उसका एटीएम कार्ड बदला हुआ है।

घबराए अमित ने तुरंत सदर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बाद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को जांच सौंपी है।

पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को बताया कि उसके पिता के खाते से पांच बार में 10-10 हजार रुपये, कुल 50 हजार रुपये निकाले गए। इसके अलावा 49 हजार रुपये और 1 लाख 98 हजार रुपये के दो बड़े ट्रांजैक्शन भी किए गए। इस तरह कुल 2 लाख 97 हजार रुपये खाते से निकाल लिए गए।

पीड़ित परिवार ने शीघ्र कार्रवाई और रकम बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *