Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत के लिए चार करोड़ स्वीकृत

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल

नैनीताल, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नैनीताल जनपद को वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त विभागीय परिसम्पत्तियों की तात्कालिक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि स्वीकृत धनराशि विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं को उपलब्ध करा दी गई है।

जिलाधिकारी के अनुसार विभागीय परिसम्पत्तियों की क्षति संबंधी प्रस्तावों की जांच उपजिलाधिकारियों द्वारा कराए जाने के बाद उन्हें मूल्यांकन एवं जिला कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति की संस्तुति के आधार पर विभिन्न विभागों के प्रस्तावों को राज्य आपदा मोचन निधि से मंजूरी मिली है। स्वीकृत राशि में सिंचाई विभाग को नहरों के पुनर्निर्माण व मरम्मत के लिए 3.1 करोड़ रुपये, पीएमजीएसवाई को क्षतिग्रस्त सड़कों और दीवारों के सुधार कार्य के लिए 1.28 करोड़, लोक निर्माण विभाग को 3.16 करोड़ और विभिन्न विकासखंडों को 25.68 लाख रुपये सहित अन्य विभागों को उनके प्रस्तावों के अनुरूप धनराशि जारी की गई है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य आपदा मानकों व स्वीकृत प्रस्तावों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूरे कर उपयोगिता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएं।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *