जमीन बैनामा करने के दौरान रजिस्ट्री विभाग में हंगामा

रजिस्ट्री विभाग में हंगामा करते हुए लड़की और उसके पति

चचेरा भाई दवा दिलाने के बहाने चाचा से जमीन बैनामा करवा रहा था, बेटी ने किया विराेधजौनपुर ,13 नवंबर (Udaipur Kiran) . यूपी के जौनपुर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में गुरुवार दोपहर उस समय अफरातफरी और हंगामा मच गया जब दवा दिलाने के नाम पर करोड़ों की जमीन अपने नाम कराने का आरोप लगाकर मारपीट शुरू हो गई. लाइन बाजार थाना अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में करोड़ों रुपये की जमीन को लेकर दो परिवारों में हंगामा और मारपीट हो गई. मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमीन पकड़ी निवासी रेनुका यादव से जुड़ा है. रेनूका अपने पिता की इकलौती पुत्री हैं और उनका कोई भाई-बहन नहीं हैं.रेनुका के चचेरे भाई रामफेर यादव पुत्र चनीका यादव अपने चाचा (रेनुका के पिता) को दवाई दिलाने के बहाने रजिस्ट्री विभाग ले आए थे. उनका मकसद जमीन अपने नाम कराना था.

किसी तरह रेनुका को इस बात की जानकारी मिल गई. वह अपने पति के साथ तत्काल कार्यालय पहुंचीं और जमीन के रजिस्ट्रीकरण का विरोध करने लगीं.विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने रामफेर को बुरी तरह पीट दिया. इस पूरे घटनाक्रम से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई. रेनुका का कहना है कि वह इकलौती पुत्री हैं और उनके चचेरे भाई उनके पिता को बहला-फुसलाकर जमीन अपने नाम कराना चाहते हैं. वहीं पर थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मामला अभी संज्ञान में नहीं है.अगर कोई तहरीर मिलती है तो विधि सम्मत कार्यवाही की जायेगी.

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Leave a Comment