सरपंच और दलाल 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए
जयपुर, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran News): भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बारां टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत खेड़ला जागीर, तहसील छीपाबड़ौद के सरपंच (प्रशासक) सूरजमल मालव और उसके दलाल रामकल्याण मेघवाल को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके भतीजों का नाम राशन कार्ड में सही करवाने और स्वयं के नाम स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त (₹60,000) खाते में जमा करवाने के बदले सरपंच 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत की पुष्टि के लिए एसीबी टीम ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें सरपंच द्वारा रिश्वत मांगना सही पाया गया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई की गई और सरपंच सूरजमल मालव व उसके सहयोगी रामकल्याण मेघवाल को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।



