
धर्मशाला, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) . धर्मशाला के तपोवन में चल रहे विधानसभा के सत्र की कार्यवाही देखने आम लोगों के साथ साथ स्कूली छात्र और छात्राओं का भी सैलाब उमड़ रहा है. इसी कड़ी में सत्र के छठे दिन बुधवार को भी विभिन्न स्कूलों के छात्र बड़ी संख्या में विधानसभा परिसर पंहुचे. इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महनुता, रायपुर, रैत, डाढ़, ज्वालामुखी, बरबाता, आधुनिक पब्लिक स्कूल धर्मशाला, हिमालयन पब्लिक स्कूल चुवाड़ी तथा राजकीय उच्च विद्यालय बलूही खास के लगभग 500 छात्र-
छात्राओं ने विधान सभा सचिवालय पंहुचकर विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की तथा सदन की कार्यवाही को देखा. मुलाकात के दौरान छात्र- छात्राओं ने विधान सभा अध्यक्ष से संसदीय प्रणाली, विधान सभा की कार्यवाही, पीठासीन अधिकारी की सदन में भूमिका तथा सत्र संचालन सम्बन्धी कई प्रश्न पूछे.
विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्रों को इसकी भरपूर जानकारी दी तथा सदन में आज होने वाली कार्यवाही से भी अवगत करवाया.
इस अवसर पर छात्र- छात्राओं से संवाद के दौरान पठानिया ने कहा कि विधायक का चुनाव जनता अपने मत द्वारा सीधे तौर पर करती है तथा हमारे देश में लोकतान्त्रिक प्रणाली विद्यमान है. पठानिया ने कहा कि हमारा देश तथा प्रदेश नियमानुसार लोकतान्त्रिक प्रणाली से संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार चलता है.
(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया
