स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने व्यवसायी से लाठी-डंडों से हमला कर लूटी एक लाख की नकदी

जयपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मानसरोवर थाना इलाके में अज्ञात स्कॉर्पियों सवार बदमाशों ने एक व्यवसायी पर जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया और कार में रखी एक लाख रुपए की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों के चुगंल से मुक्त होने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने स्कॉर्पियों बदमाशों की पकड़ने के लिए आसपास के इलाके में नाकाबंदी भी कराई। लेकिन पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी। पुलिस ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई दिनेश चंद्र ने बताया कि करधनी हाथोज निवासी महेंद्र सिंह (43) का मालवीय नगर में गणगौर नाम से बीयर बार है। जो अपनी वर्ना कार से अपने दोस्त लोकेंद्र के सिंह के साथ घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गुर्जर की थड़ी अंडरपास के पास सवा 12 बजे पीछा कर रहीं स्कॉर्पियों ने डीपर दिया। पीड़ित ने जैसे ही स्कॉर्पियों को साइड दी वैसे ही बदमाशों ने वर्ना कार को टक्कर मार दी। आतिश मार्केट के गेट नंबर-1 पर पहुंचते ही बदमाशों ने स्कॉर्पियो को उनकी कार के आगे लगाकर रोक लिया। स्कॉर्पियो से चार-पांच लड़के लाठी-डंडे लेकर उतरे और उनकी कार का पिछला शीशा तोड़ डाला। अचानक हुए हमले से पीड़ित घबरा गया और कार से महेंद्र और लोकेंद्र नीचे उतर गए। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने लाठी -डंडो से उन पर हमला कर दिया। दोनो पीड़ितों ने भाग कर अपनी जान बचाई। अज्ञात स्कॉर्पियों सवार बदमाश वर्ना कार लूट कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वारदात के समय वर्ना कार में एक लाख रुपया कैश व दूसरी कार की चाबी रखी हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
—————
(Udaipur Kiran)



