जींद : रैन बसेरे का एसडीएम ने किया निरीक्षण

जींद, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हांसी रोड पर स्थित रैन बसेरे का मंगलवार को जुलाना के एसडीएम होशियार सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर पालिका के सचिव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम ने रैन बसेरे में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम को देखते हुए यहां ठहरने वाले बेघर लोगों और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। एसडीएम होशियार सिंह ने कहा कि ठंड लगातार बढ़ रही है। ऐसे में रैन बसेरे की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने बताया कि रैन बसेरे में बेघर लोगों और यात्रियों के ठहरने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी कारणवश बाहर निकलना जरूरी होए तो लोग ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करें। नगर पालिका प्रशासन द्वारा रैन बसेरे में कुल 20 बेड लगाए गए हैं। जिनमें से 10 बेड पुरुषों के लिए और 10 बेड महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा यहां साफ.सुथरे शौचालय की भी व्यवस्था की गई है ताकि ठहरने वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसडीएम ने साफ.-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि रैन बसेरा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के बीच स्थित है। जिससे यात्रियों को यहां पहुंचने में आसानी होती है। इसका लाभ विशेष रूप से उन यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें रात के समय ठहरने की आवश्यकता पड़ती है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने रैन बसेरे में मौजूद व्यवस्थाओं को नियमित रूप से जांचने और जरूरत पडऩे पर सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सर्दी के मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा



