मप्र में आज से शुरू होगा नीट-यूजी काउंसलिंग 2025 का दूसरा राउंड
भोपाल, 10 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। मध्य प्रदेश के मेडिकल महाविद्यालयों में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी काउंसलिंग 2025 का दूसरा राउंड आज बुधवार से प्रारंभ हो रहा है। पहले दिन कॉलेजवार खाली सीटों की सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही संशोधित मेरिट लिस्ट और पात्र उम्मीदवारों की सूची भी प्रकाशित होगी।

चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया
मध्य प्रदेश मेडिकल शिक्षा आयुक्त कार्यालय, भोपाल द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, उम्मीदवार 11 सितंबर से 14 सितंबर तक अपनी नई पसंद भर सकेंगे और चॉइस लॉक कर पाएंगे। यह प्रक्रिया सभी के लिए अनिवार्य है, चाहे उन्होंने पहले राउंड में दाखिला लिया हो और अपग्रेडेशन चाहते हों।
रिजल्ट और एडमिशन की तिथि
दूसरे राउंड का अलॉटमेंट रिजल्ट 16 सितम्बर को घोषित होगा। इसके बाद 17 से 24 सितम्बर तक चयनित उम्मीदवारों को अपने अलॉटेड मेडिकल या डेंटल कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
एमओपी-अप राउंड और इस्तीफा प्रक्रिया
दूसरे राउंड में प्रवेश लेने वाले और पहले राउंड से अपग्रेडेशन चुनने वाले उम्मीदवार 17 से 27 सितम्बर तक एमओपी-अप राउंड के लिए अपनी सहमति दर्ज कर सकते हैं। इसी अवधि में ऑनलाइन माध्यम से कॉलेज स्तर पर एडमिशन रद्द कराने या इस्तीफा देने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उम्मीदवारों को 27 सितम्बर तक काउंसलिंग, अपग्रेडेशन और प्रवेश से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।



