Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

सीहोरः दो समुदायों के बीच विवाद के पथराव, भोपाल-इंदौर हाईवे पर गाड़ियों में तोड़फोड़

दो समुदायों के बीच विवाद के पथराव

सीहोर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा में रविवार की रात दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव हो गया। इस दौरान भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे पर कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। घटना के चलते इलाके में तनाव फैल गया। इसके बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भोपाल–इंदौर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस के मोर्चा संभालने के बाद हालात काबू में हैं और ट्रैफिक अब सामान्य हो गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे आष्टा के अलीपुर चौराहे के पास पुराने भोपाल–इंदौर मार्ग पर दो समुदायों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद पथराव में बदल गया। पार्वती पुल के पास रेस्ट हाउस के सामने हुई इस घटना में सड़क पर खड़ी और गुजर रही कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भोपाल–इंदौर हाईवे पर चौपाटी क्षेत्र में जाम लगा दिया। हरदा और कन्नौज की ओर से एक साथ वाहनों के पहुंचने से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ने पर पार्वती थाना और आष्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। एसडीओपी आकाश संभलकर और एसडीएम नितिन कुमार टाले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इसी बीच करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन शेरपुर का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि आष्टा में हुआ विवाद किसी का षड्यंत्र है और संगठन के आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विवाद से दूर रहें, सीधे अपने घर लौटें और किसी भी तरह के उपद्रव में शामिल न हों।

पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद हाईवे से जाम हटवाया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। रात करीब 10:45 बजे से भोपाल–इंदौर हाईवे स्थित चौपाटी पर रुक-रुक कर यातायात बहाल किया गया, जिसके बाद फिलहाल ट्रैफिक सामान्य हो गया है। पुलिस ने बताया कि तोड़फोड़ से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विवाद के कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *