व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी

हुगली, 04 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के उत्तरपाड़ा के अमरनाथ बैंक कॉलोनी इलाके में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय मनोरंजन बसाक के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को तेज दुर्गंध आने से परेशान स्थानीय लोगों ने जब तलाशने की कोशिश की, तब घर के अंदर से एक अर्धनग्न, रक्तरंजित और सड़ा-गला शव मिला।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिस मकान की ऊपरी मंजिल पर मनोरंजन रहते थे, उसी घर की निचली मंजिल पर उनकी मां, विवाहित बहन और उसका परिवार रहता था।
परिवार का कहना है कि मनोरंजन शराब और नशे में डूबे रहते थे। कुछ समय पहले उनकी पत्नी से उनका तलाक हो गया था, जिसके बाद मनोरंजन की मानसिक स्थिति और नशे की लत दोनों बढ़ गई थीं।
स्थानीय निवासियों ने कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब घर की निचली मंजिल पर परिवार मौजूद था, तो ऊपर से आने वाली इतनी तेज दुर्गंध उन्हें कैसे महसूस नहीं हुई? स्थानीय लोगों का सवाल है कि मनोरंजन के परिवार ने कई दिनों तक उनकी कोई खोज-खबर क्यों नहीं ली?
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उत्तरपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत घर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस परिवार तथा पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय



